हरियाणा में इन दिनों साइबर ठगों के मैसेज के कारण बिजली विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। ठग राज्य के बिजली उपभोक्ताओं को बिजली कटने, बिल जमा करो जैसे फेक मैसेज भेज रहे हैं। इन्हें क्लिक करते ही उपभोक्ताओं के पैसे कट रहे हैं। ऐसे कई मामले सामने आने के बाद विभाग अलर्ट हो गया है। सूबे के ऊर्जा मंत्री चौधरी रणजीत सिंह ने प्रदेश के सभी बिजली उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे ठगों से सतर्क रहें, क्योंकि आजकल फेक संदेश के माध्यम से उपभोक्ता के साथ साइबर फ्रॉड होने की जानकारी मिल रही है।
ऊर्जा मंत्री ने बताया कि बिजली निगम की ओर से उपभोक्ताओं को सतर्क करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया है। इस अभियान द्वारा लोगों को जागरूक किया जा रहा है। बिजली उपभोक्ताओं को बताया जा रहा है कि किस तरह से साइबर ठग उन्हें अपना शिकार बना रहे हैं। साइबर ठग मोबाइल पर मैसेज भेजकर बताते हैं कि आपका बिजली का बिल बकाया है। इस एवज में आपका कनेक्शन काट दिया जाएगा।
मैसेज के बाद में एक नंबर भेजा जा रहा है और उस पर बात करने की सलाह दी जा रही है। काफी उपभोक्ता मैसेज में दिए गए नंबर पर कॉल करके पूछते हैं कि ऐसा क्यों होगा तो बात करने पर ठगी का पता चलता है। ऊर्जा मंत्री ने बताया कि निगम इस तरह का कोई भी मैसेज उपभोक्ता को नहीं भेजता और न ही किसी उपभोक्ता को बिजली कनेक्शन काटने की चेतावनी देता है। न ही किसी भी नंबर पर संपर्क करने को कहता है। उन्होंने कहा कि यदि किसी बिजली उपभोक्ता का बिल बकाया है और उसे इस प्रकार का संदेश प्राप्त होता है तो वे सतर्कता बरतें। बिजली कटने के अनजान एवं फर्जी मैसेज के लिंक को क्लिक न करें।अपनी बैंक, कार्ड डिटेल, ओटीपी आदि किसी के साथ भी शेयर न करें। स्वयं सतर्क रहें और अपने संपर्क में आने वालों को भी जागरूक करें।
चौधरी रणजीत सिंह ने बताया कि बिजली निगम द्वारा बिल के बनते ही उपभोक्ता को ईमेल पर बिल और रजिस्टर्ड मोबाइल पर मैसेज भेजा जाता है। बिल भरने की तिथि से पहले और बाद में उसके बिल बकाया होने के बारे में मैसेज देता है। बिजली निगम के मैसेज में उपभोक्ता का खाता नंबर और बकाया राशि भी लिखी होती है। यह सभी मैसेज अधिकृत निगम आईडी द्वारा जनरेट किए जाते हैं।
उपभोक्ता अपने बिल को ऑनलाइन देखने और ऑनलाइन भुगतान के लिए बिजली वितरण निगम की वेबसाइट का ही प्रयोग करें। इसके बाद भी यदि किसी उपभोक्ता को अपने बिजली बिल को लेकर कोई संशय है तो वे अपने नजदीकी बिजली कार्यालय या बिजली विभाग के टोल फ्री नंबर 1800-180-4334 पर संपर्क कर सकता है। साथ ही फ्रॉड होने पर साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

