हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा की तबीयत बिगड़ गई। उनकी चेस्ट इन्फेक्शन से तबीयत बिगड़ गई। सांस लेने में दिक्कत होने के चलते उन्हें दिल्ली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां पिछले करीब 2-3 दिन से वे उपचाराधीन रहे।
शुक्रवार को उन्हें अस्पताल से छुट्टी तो जरूर मिली, लेकिन उन्हें गुरुग्राम के एक निजी स्थान पर डॉक्टरों की देख-रेख में रखा गया है। शुक्रवार को सीएम नायब सैनी भी मंत्री ढांडा से मिलने पहुंचे। जानकारी देते हुए महिपाल ढांडा के पानीपत जिला मीडिया प्रभारी जितेंद्र अहलावत ने बताया कि बीते दिनों मंत्री फ्रांस दौरे पर गए थे।
जहां अचानक वातावरण बदलने से उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। वहां भी सांस लेने की दिक्कत के चलते उन्हें फ्रांस के अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। हाल ही में मंत्री स्वदेश लौटे। लेकिन, यहां लौटने पर भी उनकी सेहत में सुधार नहीं आया। जिसके चलते उन्हें दिल्ली के फोर्टिस अस्पताल में उनके बड़े भाई बिट्टू लेकर पहुंचे।
इसके बाद वे अस्पताल में ही भर्ती रहे। जहां उपचार के बाद उनकी तबीयत में सुधार आया। इसके बाद शुक्रवार को उन्हें डॉक्टरों ने सशर्त छुट्टी दी। डॉक्टरों ने उन्हें सलाह दी कि वे अगले करीब 4 दिन तक पब्लिक डीलिंग नहीं करेंगे। वे किसी प्रकार का काम नहीं करेंगे। इसके अलावा उनके पास एक समय में एक या दो लोग अधिकतम रहेंगे।

