हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी ने वार्षिक परीक्षाओं को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। बोर्ड का कार्यालय 22, 23 और 26 फरवरी को छुट्टी के दिनों में भी खुला रहेगा। इस दौरान छात्र अपने एडमिट कार्ड में सुधार करवा सकेंगे।
शिक्षा बोर्ड के बोर्ड सचिव अजय चोपड़ा ने शुक्रवार को बताया कि सेकेण्डरी और सीनियर सेकेण्डरी की वार्षिक परीक्षाएं 27 फरवरी से शुरू होंगी। सभी छात्रों के रोल नंबर 18 फरवरी से बोर्ड की वेबसाइट पर जारी कर दिए गए हैं।
जिन छात्रों के प्रवेश-पत्र में सुधार की आवश्यकता है या जिनके अनुक्रमांक रोके गए हैं, वे इन तीन दिनों में बोर्ड कार्यालय आ सकते हैं। छात्रों और स्कूल प्रमुखों को मूल रिकॉर्ड और सत्यापित प्रतियां साथ लानी होंगी। निर्धारित शुल्क जमा करके वे आवश्यक सुधार करवा सकते हैं।
कार्यालय सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक खुला रहेगा। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षाएं शुरू होने के बाद फोटो और हस्ताक्षर में कोई सुधार नहीं किया जाएगा। छात्रों और स्कूल प्रतिनिधियों को सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना होगा।
