Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

स्मॉग से ढका हरियाणा, विजिबिलिटी 50 मीटर:2 दिन कोहरे का अलर्ट; हवाओं के कारण बढ़ी ठंड, न्यूनतम तापमान 13 डिग्री पहुंचा

पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से हरियाणा में मौसम बदल गया है। प्रदेश के अधिकतर जिले घने स्मॉग की चपेट में आ गए हैं। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने 2 दिन के लिए कोहरे का अलर्ट जारी किया है।

विजिबिलिटी भी घटकर 50 मीटर रह गई है। इसके अलावा हवाओं के चलने से ठिठुरन बढ़ गई है। सर्दी के मौसम में पहली बार रात का तापमान 13.6 डिग्री पर पहुंच गया है। 24 घंटे में अंबाला के दिन सबसे ठंडे और हिसार की रातें सबसे ठंडी रहीं।

अंबाला में दिन का अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, हिसार में न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 15 से 16 नवंबर तक चंडीगढ़, अंबाला, पंचकूला और आसपास के इलाकों में बूंदाबांदी के आसार हैं।

राज्य में 17 नवंबर तक मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील लेकिन खुश्क रहने की संभावना है। आज और कल राज्य में हल्की उत्तरी और उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने की संभावना के चलते कुछ स्थानों पर स्मॉग की स्थिति में मामूली कमी आने की संभावना है, लेकिन 14 नवंबर की रात से एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ पहाड़ों की ओर बढ़ेगा और 15-16 नवंबर को पूर्वी हवाएं चलने से आंशिक बादल छाने और बीच-बीच में हल्की स्मॉग रहने की संभावना है।

इसके बाद 17 नवंबर से फिर से मध्यम गति से उत्तरी और उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने के चलते दिन का तापमान सामान्य के आसपास रहने और रात के तापमान में मामूली गिरावट आने की संभावना है।

Exit mobile version