Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा कांग्रेस BJP उम्मीदवार पर FIR कराएगी:हुड्डा बोले-असीम ने दलितों से जुड़ा आपत्तिजनक वीडियो डाला, इलेक्शन कमीशन को भेजी शिकायत

हरियाणा कांग्रेस के मीडिया प्रभारी चांदवीर हुड्डा ने अंबाला सिटी विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार असीम गोयल पर दलित समाज के अपमान का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि असीम गोयल ने सोशल मीडिया पर एक महिला नेता की ओर से दलित समाज को गालियां देने वाली वीडियो पोस्ट की। असीम गोयल ने इस महिला का नाम कांता हुड्डा और इसे कांग्रेस से जुड़ा बताया जो सरासर झूठ है।

चांदवीर हुड्डा ने कहा कि वीडियो में जो महिला दलित समाज के बारे में अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल कर रही है, उसका नाम कांता हुड्डा नहीं बल्कि कांता आलड़िया है। असीम गोयल ने इनका नाम कांता हुड्डा लिखा जो सही नहीं है। कांता आलड़िया खुद दलित नेता हैं और उनकी अपनी अलग पार्टी है। कांता आलड़िया का कांग्रेस से दूर-दूर तक कोई संबंध नहीं है।

चांदवीर हुड्डा ने कहा कि असीम गोयल की ओर से जारी वीडियो झूठा है। कांग्रेस पार्टी ने चुनाव आयोग में इसकी शिकायत दे दी है। असीम गोयल के खिलाफ FIR भी दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने समाज में द्वेष और झूठ फैलाने की कोशिश की है। चुनाव आयोग के नियमानुसार ऐसी शर्मनाक हरकत की वजह से असीम गोयल का नॉमिनेशन रद्द हो जाना चाहिए।

चांदवीर हुड्डा ने दावा किया कि असीम गोयल की ओर से पोस्ट किए गए वीडियो में कांता आलड़िया दलित समाज को गालियां दे रही हैं और उनके लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल कर रही है। यह बहुत ही निंदाजनक है। असीम गोयल की ओर से इस तरह का वीडियो पोस्ट किए जाने के कारण पूरे दलित समाज में रोष है। समाज के लोग दो दिन बाद होने वाली पोलिंग में बीजेपी को वोट की चोट से सबक सिखाएंगे।

Exit mobile version