Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

चुनावी तैयारी में जुटी हरियाणा कांग्रेस…जिला अध्यक्षों के कामकाज की होगी बड़ी समीक्षासंगठन मजबूत करने के लिए 26-27 मई को चंडीगढ़ में अहम बैठक

हरियाणा कांग्रेस ने आगामी चुनावों को देखते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी कड़ी में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में 26 और 27 मई को चंडीगढ़ स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में जिला कांग्रेस कमेटियों (DCC) के अध्यक्षों की बड़ी समीक्षा बैठक आयोजित की जा रही है।

पार्टी इस बैठक को “संगठन सृजन अभियान” का अहम चरण मान रही है। बैठक में जिला अध्यक्षों के कामकाज, बूथ स्तर पर संगठन की सक्रियता, जनसंपर्क अभियानों और संगठन विस्तार की स्थिति का विस्तृत आंकलन किया जाएगा।

24 जिलाध्यक्षों के काम की समीक्षा

जानकारी के अनुसार, बैठक मंगलवार सुबह 10 बजे से शुरू हो चुकी है। पहले दिन 24 जिलाध्यक्षों के कामकाज की समीक्षा की जा रही है। वहीं 27 मई को पंचकूला, पानीपत, यमुनानगर, फतेहाबाद, हिसार और सिरसा समेत अन्य जिलों के अध्यक्षों के साथ बैठक होगी।

जिला अध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में चलाए गए अभियानों, बैठकों और जनसंपर्क कार्यक्रमों की विस्तृत रिपोर्ट लेकर आने के निर्देश दिए गए हैं।

बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर

कांग्रेस नेतृत्व का मुख्य फोकस आगामी चुनावों से पहले बूथ स्तर तक मजबूत संगठन तैयार करने पर है। पार्टी मान रही है कि बिना मजबूत संगठन, सक्रिय कार्यकर्ताओं और प्रभावी जनसंपर्क के चुनावी सफलता संभव नहीं है।

इसी वजह से अब कांग्रेस गांव, वार्ड और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं का नेटवर्क मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है।

SIR अभियान पर भी होगा मंथन

बैठक में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर भी चर्चा होगी। 27 मई को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में राज्य स्तरीय कार्रवाई एवं निगरानी समिति और बीएलए पदाधिकारियों की बैठक एवं प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा।

प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि मतदाता सूची चुनाव प्रक्रिया की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है और इसमें पारदर्शिता व सतर्कता बेहद जरूरी है। पार्टी कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची में गड़बड़ियों पर नजर रखने और बूथ स्तर पर सक्रिय रहने के निर्देश दिए जाएंगे।

दिल्ली नेतृत्व की रहेगी सीधी नजर

सूत्रों के मुताबिक, पूरे संगठन सृजन अभियान पर कांग्रेस हाईकमान की सीधी नजर रहेगी। हरियाणा मामलों के सह-प्रभारी जितेंद्र बघेल और प्रफुल्ल गुडे भी बैठकों में मौजूद रहेंगे।

माना जा रहा है कि जिन जिलों में संगठन कमजोर पाया जाएगा, वहां बदलाव या नई रणनीति पर भी विचार किया जा सकता है।

कांग्रेस की नजर आगामी चुनावों पर

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कांग्रेस अब हरियाणा में संगठन को नए सिरे से खड़ा करने की कोशिश कर रही है। पार्टी चाहती है कि आगामी चुनावों से पहले कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा लाई जाए और जमीनी स्तर पर पकड़ मजबूत की जाए।

Exit mobile version