Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा कांग्रेस ने बागी चित्रा सरवारा को निकाला:पार्टी कैंडिडेट की ही बेटी, टिकट नहीं मिली तो निर्दलीय लड़ रहीं; अनिल विज से टक्कर

हरियाणा में कांग्रेस ने पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त नेता चित्रा सरवारा को पार्टी से निकाल दिया है। उन्होंने कांग्रेस से टिकट न मिलने पर अंबाला कैंट विधानसभा सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला किया था। इसके बाद पार्टी ने उन्हें 6 साल के लिए निष्कासित किया है।

अंबाला कैंट से पार्टी ने परविंदर परी को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं, भाजपा से पूर्व गृह मंत्री अनिल विज यहां से उम्मीदवार हैं। बता दे कि चित्रा सरवारा अंबाला सिटी से कांग्रेस कैंडिडेट निर्मल सिंह की बेटी हैं।

ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) के मुख्यालय से इस संबंध में एक आधिकारिक पत्र जारी किया गया है। कांग्रेस कमेटी के सचिव केसी वेणुगोपाल ने जानकारी दी कि अंबाला कैंट में कांग्रेस कैंडिडेट और कार्यकर्ताओं की शिकायतों के आधार पर चित्रा सरवारा के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है।

चित्रा सरवारा के खिलाफ कांग्रेस आलाकमान को पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त होने की शिकायतें मिली थीं। वह निर्दलीय चुनाव लड़कर कांग्रेस के अधिकृत कैंडिडेट को नुकसान पहुंचा रही थीं। जांच के बाद इन आरोपों को सही पाए जाने पर AICC ने यह कदम उठाया और चित्रा की सदस्यता 6 साल के लिए रद्द कर दी।

Exit mobile version