दिवाली पर जब भी कर्मचारियों को बड़े गिफ्ट देने की बात आती है, तो सबसे पहले जहन में गुजरात के सावजी ढोलकिया का नाम आता है। क्योंकि ढोलकिया अपने कर्मचारियों को महंगे गिफ्ट देने के लिए जाने जाते हैं। अब ऐसा ही कुछ पंचकूला की एक कंपनी के मालिक ने भी किया है। फार्मा कंपनी के मालिक ने अपने कर्मचारियों को दिवाली गिफ्ट में लग्जरी गाड़ियां दी हैं। खास बात यह है कि कंपनी के मालिक ने बीते वर्ष 2023 में भी दिवाली के मौके पर अपने कर्मचारियों को गाड़ियां गिफ्ट की थी।

पंचकूला स्थित मिट्स हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड दवा कंपनी के मालिक ने अपने होनहार कर्मचारियों को यह दिवाली गिफ्ट दिया है। कंपनी की तरफ से दिवाली के मौके पर बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले अपने कर्मचारियों को कार से नवाजा गया है। कंपनी के चेयरमैन व संस्थापक एमके भाटिया ने अपने कर्मठ 15 कर्मचारियों को दिवाली के तोहफे के तौर पर कारें दी हैं।
फार्मा कंपनी के मालिक एमके भाटिया ने बताया कि उन्होंने साल भर कड़ी मेहनत करने वाले 15 कर्मचारियों को चनयनीत किया था। इसके बाद उन्हें गाड़ियां देकर उनके काम को सराहा गया है। 15 कर्मचारियों में से 13 को टाटा कंपनी की टाटा पंच कारें दी गई हैं। वहीं, दो सीनियर कर्मचारियों को लगभग 15-15 लाख रुपये की ग्रैंड विटारा गाड़ियां गिफ्ट की हैं।
एमके भाटिया विभिन्न सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहते हैं। अपने विनम्र स्वाभाव के चलते भाटिया हमेशा दूसरों की मदद के लिए तैयार रहते हैं। भाटिया सामाजिक कल्याण गतिविधियों और कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लेते हैं और हमेशा जरूरतमंदों की मदद करते हैं।
पत्रकारों से बात करते हुए भाटिया ने कहा कि पिछले साल स्टार कर्मचारियों के बीच 12 कारें बांटी गई थीं, लेकिन जैसे-जैसे स्टार कर्मचारियों की संख्या बढ़ी, हमने कारों की संख्या बढ़ाने का फैसला किया है। इसलिए इस वर्ष हम अपनी कंपनी के प्रति उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण के लिए कंपनी के 15 स्टार कर्मचारियों को सम्मानित किया है। मंगलवार को आठ कर्मचारियों को कारें दी गई हैं। वहीं दिवाली से पहले बाकि बचे सात कर्मियों को भी कार उपहार में दी जाएंगी।
