हरियाणा के CM नायब सैनी को फिर से धमकी मिली है। सोमवार सुबह चंडीगढ़ के स्कूलों को भेजे गए मेल में लिखा गया कि “सीएम सैनी चंडीगढ़ में रहते हैं, बम धमाके और ग्रेनेड हमले जारी रहेंगे।” साथ ही इसमें कहा गया कि चंडीगढ़ और पंजाब के कई स्कूलों को सोमवार को निशाना बनाया जाएगा। यह धमकी उस हमले के बाद आई है, जब 1 अप्रैल को चंडीगढ़ में BJP मुख्यालय पर ग्रेनेड हमला हुआ था।
मेल में आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया था और लिखा गया था कि “अपने बच्चों को बचाओ।” धमकी मिलते ही स्कूल प्रबंधन और प्रशासन सक्रिय हो गए और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें, बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड के साथ मौके पर पहुंचीं और स्कूल परिसरों की गहन जांच शुरू कर दी है।
धमकी वाली ईमेल में लिखा गया है कि “चंडीगढ़ के स्कूलों में बम ब्लास्ट होगा, अपने बच्चों को बचाओ। पंजाब अब खालिस्तान बनेगा। चंडीगढ़ में सीएम सैनी रहते हैं, बम धमाके और ग्रेनेड हमले जारी रहेंगे। स्कूलों में 1.11 बजे और 2.11 बजे मेयर ऑफिस में भी बम फटेगा।”
ईमेल में आगे कहा गया कि खालिस्तान समर्थक बच्चों के खिलाफ नहीं हैं, बल्कि हिंदुस्तान की मोदी सरकार को तबाह करेंगे—खालिस्तान वोटों से या बम से।
ईमेल पर भेजने वाले ने खालिस्तान नेशनल आर्मी का पता दिया है। इसके नीचे इंजीनियर गुरनाख सिंह, रुकनशाह वाला, डॉ. गुरनिरबैर सिंह और खान राजादा के नाम भी शामिल हैं।
