Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा CM बोले-लोकसभा चुनाव की घोषणा 11 मार्च के बाद:भाजपा के 90 दफ्तरों का उद्घाटन किया

हरियाणा के CM मनोहर लाल ने दावा किया कि लोकसभा चुनाव की घोषणा 11 मार्च के बाद होगी। 11 मार्च को PM नरेंद्र मोदी गुरुग्राम आएंगे। वहां वह द्वारका एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करेंगे।

लोकसभा चुनाव को लेकर BJP ने पब्लिक मेगा रीच प्लान तैयार किया है। हाल ही में संकल्प पत्र के बहाने 1 करोड़ लोगों की राय लेकर पब्लिक तक पहुंचने जा रही है। मनोहर लाल ने शनिवार (2 मार्च) को गुरुग्राम से वर्चुअली 90 विधानसभाओं के भाजपा दफ्तरों का उद्घाटन किया।

सीएम ने कहा कि इस समय सभी 90 विधानसभा सीटों पर करीब 1.5 लाख लोग मेरे साथ जुड़े हुए हैं। यह भावना ही है कि भाजपा के कार्यकर्ता इतनी बड़ी संख्या में इस कार्यक्रम में जुड़े हैं। यह संख्या बताती है कि इस बार लोकसभा चुनाव में फिर से 2019 जैसी स्थिति होने वाली है।

सीएम ने कहा कि केंद्र में 400 पार, हरियाणा में 10 की 10 लोकसभा सीट लेना है। 20 हजार बूथ, 3 लाख पन्ना प्रमुख और इससे अधिक कार्यकर्ताओं को अपने-अपने काम में लगना है। जल्द ही कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी बांटी जाएगी। हरेक कार्यकर्ता को जिम्मेदारियां मिलेगी। सबसे गंभीर काम इस चुनाव में पन्ना प्रमुख का रहने वाला है। बूथ जीत लेते हैं तो चुनाव जीत जाएंगे। सीएम ने आह्वान किया कि जनता के बीच सरकार के काम बताने का समय आ गया है।

हरियाणा में संकल्प पत्र के लिए पार्टी जिला स्तर पर कार्यशालाएं भी कर रही है। इसके अलावा क्षेत्र के विधायक, मंत्री, जिला अध्यक्ष संकल्प पत्र की प्रमुख विधानसभाओं पर जागरूकता अभियान चलाएंगे। हर विधानसभा में लोगों के सुझाव लेने के लिए पेटियों की व्यवस्था भी की जा रही है।

जनता के सुझाव हासिल करने के लिए भाजपा ने 9090902024 मोबाइल नंबर मिस्ड कॉल के साथ ही सभी सोशल मीडिया प्लेटफार्म और नमो ऐप पर अलग से जारी किया है।

देश में लोकसभा चुनाव की तारीख निकट आ गई है। हरियाणा में अभी पार्टी के पास 10 लोकसभा सीटें हैं। 2019 के चुनाव में सभी सीटें BJP ने जीती। इस बार BJP के आगे सभी सीटें बचाने की चुनौती है। सीटें हारे तो हाईकमान की नजर में सरकार से लेकर संगठन तक का कद घटेगा। ऐसे में उनके BJP में राजनीतिक करियर को खतरा होगा।

यही वजह है कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने खुद चुनाव की कमान अपने हाथ में ले ली है। वह लगातार चुनाव को लेकर पार्टी पदाधिकारियों के साथ ही सरकार से अपडेट ले रहे हैं।

Exit mobile version