मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की जज पर की गई टिप्पणी को लेकर कांग्रेस हमलावर हो गई है। राज्यसभा सांसद और कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने CM की टिप्पणी ‘एक जज के माथे में गड़बड़ है, उसे जल्दी ठीक करेंगे ‘ को दंभपूर्ण व हाईकोर्ट जज के काम में दखलअंदाजी करते हुए धमकी देना बताया है।
उन्होंने तत्काल चीफ जस्टिस को सीएम को कंटेम्प्ट ऑफ़ कोर्ट का नोटिस देने व CM खट्टर द्वारा न्यायपालिका से माफ़ी मांगने की मांग की है। हालांकि इसको लेकर अभी CM या भाजपा की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
CM ने क्या कहा था
CM मनोहर लाल खट्टर रविवार को भिवानी में थे। उन्हें जन संवाद में युवाओं ने सवाल किया कि पुलिस भर्ती की नियुक्ति अभी तक नहीं मिली है। इसके जवाब में CM ने कहा – आपमें से ही कुछ हैं, जो कोर्ट चले गए। जिस पर जज ने स्टे दे दिया। एक जज हैं, उनके माथे में कुछ गड़बड़ है। उसको ठीक करेंगे। करीब 3 हजार जॉइनिंग हो गई है। बाकी को भी जल्द करा देंगे।रणदीप सुरजेवाला ने कहा है कि सीएम की न्यायपालिका के बारे में ये भाषा, उनकी सरकार व पार्टी के चाल, चरित्र और चेहरे की शर्मनाक और दंभपूर्ण बानगी है ! उन्होंने कहा कि यदि सीएम अपनी टिप्पणी के लिए माफ़ी नहीं मांगते तो उन्हें न्यायपालिका पर कही गई इस आपत्तिजनक बात के लिए पद से बर्खास्त कर दिया जाना चाहिए।CM की सोच को ‘नाच न जाने आँगन टेढ़ा’ करार देते हुए उन्होंने पूछा कि सीएम ने कौन से विश्वविद्यालय से मेडिकल की डिग्री हासिल की है, जो वो हाईकोर्ट के जज के माथे को भी ठीक करने की बात कर रहे हैं? सुरजेवाला ने कहा कि सीएम की ये भाषा आरएसएस और भाजपा की न्यायपालिका के प्रति दुराग्रह का जीवंत और शर्मनाक प्रमाण है।
देश के कानून मंत्री किरण रिजिजू हर रोज सुप्रीम कोर्ट को पानी पी पी कर कोसते हैं, रिटायर्ड जजों को धमकियां देते हैं और हरियाणा में ये काम खट्टर जी ने संभाल लिया है। रणदीप ने प्रदेश की भर्तियों में होने वाली घनघोर अनियमितताओं के लिए सीधे सीएम और भर्ती आयोगों की बदनाम कार्यप्रणाली को जिम्मेदार ठहराया।
