Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा निकाय चुनाव: BJP का मेयर उम्मीदवारों पर मंथन तेज, आज हो सकती है घोषणा; दिल्ली में देर रात तक चली बैठक

हरियाणा नगर निकाय चुनाव को लेकर बीजेपी ने मेयर और चेयरमैन प्रत्याशियों के नामों पर अंतिम दौर का मंथन पूरा कर लिया है। रविवार देर रात दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में हुई चुनाव समिति की बैठक में विभिन्न निकायों के संभावित उम्मीदवारों पर विस्तार से चर्चा हुई। माना जा रहा है कि पार्टी सोमवार को प्रत्याशियों की आधिकारिक घोषणा कर सकती है।

बैठक में सोनीपत, पंचकूला और अंबाला नगर निगम के मेयर पद के साथ रेवाड़ी नगर परिषद के चेयरमैन और पार्षद चुनाव को लेकर रणनीति बनाई गई। साथ ही धारूहेड़ा, उकलाना और सांपला नगर पालिकाओं के चेयरमैन पद के उम्मीदवारों पर भी चर्चा हुई। पार्टी ने सभी निकायों में पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ने का फैसला लिया है।

सूत्रों के अनुसार, बैठक में प्रत्येक नगर निकाय की राजनीतिक स्थिति, स्थानीय समीकरण और संभावित जीत-हार के आकलन पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रभारी नेताओं ने अपनी-अपनी तैयारियों और जमीनी फीडबैक की रिपोर्ट पेश की, जिस पर वरिष्ठ नेताओं ने गहन मंथन किया।

बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को जनता के बीच प्रमुख मुद्दा बनाकर चुनाव लड़ेगी।

साथ ही बैठक में चुनावी रणनीति, बूथ प्रबंधन और जनसंपर्क अभियान को अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि स्थानीय स्तर पर संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से ही नगर निकाय चुनाव में जीत सुनिश्चित की जा सकेगी।

Exit mobile version