Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा कैबिनेट की बैठक 3 नवंबर को, कई बड़े फैसलों पर लगेगी मुहर? निवेश और अमित शाह के दौरे पर होगी चर्चा

हरियाणा सरकार ने 3 नवंबर को कैबिनेट की बैठक बुलाई है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा हो सकती है। बैठक हरियाणा सिविल सचिवालय की चौथी मंजिल पर आयोजित होगी। इसमें पूरी कैबिनेट के साथ वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। बैठक को लेकर आधिकारिक पत्र जारी कर दिया गया है, हालांकि एजेंडा अभी जारी नहीं हुआ है।

गुजरात दौरे के बाद निवेश पर हो सकती है चर्चा

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हाल ही में गुजरात के दो दिवसीय दौरे से लौटे हैं। इस दौरान गांधीनगर में निवेशकों के साथ वन-टू-वन बैठकें हुईं और कई निवेश प्रस्तावों को लेकर एमओयू साइन किए गए।

सरकार की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, गुजरात दौरे के दौरान करीब 25 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव सामने आए हैं। इनमें एग्रीकल्चर और फूड प्रोसेसिंग सेक्टर में 1,400 करोड़ रुपये तथा सेमीकंडक्टर क्षेत्र में 2,900 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव शामिल हैं।

इससे पहले दौरे के पहले दिन भी निवेशकों के साथ करीब 12 हजार करोड़ रुपये के एमओयू साइन किए गए थे। ऐसे में कैबिनेट बैठक में प्रदेश में निवेश बढ़ाने से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा होने की संभावना है।

अमित शाह के दौरे से पहले होगी कैबिनेट बैठक

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 5 नवंबर को हरियाणा दौरे पर आएंगे। वह करनाल में भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में शामिल होंगे। इसके बाद अंबाला छावनी में शहीद स्मारक के उद्घाटन और जनसभा में शिरकत करेंगे।

अमित शाह के दौरे से ठीक दो दिन पहले कैबिनेट की बैठक होने के कारण इसे भी अहम माना जा रहा है। बैठक में दौरे से जुड़े पहलुओं पर चर्चा होने की संभावना है।

कैबिनेट बैठक के एजेंडे का इंतजार

फिलहाल सरकार की ओर से बैठक का विस्तृत एजेंडा जारी नहीं किया गया है। ऐसे में अब सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि 3 नवंबर की बैठक में किन प्रस्तावों को मंजूरी मिलती है और प्रदेश के लिए कौन से नए फैसले लिए जाते हैं।

Exit mobile version