Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा मंत्रिमंडल का विस्तार: आज 4 बजे लेंगे मनोहर के नए मंत्री शपथ, देवेंद्र बबली और कमल गुप्ता का नाम टाप पर

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व वाली भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार में आज मंत्रिमंडल विस्तार होने जा रहा है। करीब सवा दो साल बाद होने जा रहे इस विस्तार में दो नए मंत्री बनेंगे। एक मंत्री जननायक जनता पार्टी के कोटे से होगा और दूसरा मंत्री भाजपा के कोटे से। जननायक जनता पार्टी के कोटे से टोहाना के विधायक देवेंद्र बबली का नाम तय है। उन्हें खाद्य एवं आपूर्ति विभाग दिया जा सकता है। अभी तक यह विभाग उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के पास है, जबकि भाजपा कोटे से वैश्य समुदाय का मंत्री बनेगा, जिनमें सबसे ऊपर हिसार के विधायक डा. कमल गुप्ता का नाम है।

हरियाणा राजभवन में राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय नए मंत्रियों को शपथ दिलाएंगे। भाजपा कोटे से मंत्री बनाए जाने के लिए तीन नाम चर्चा में हैं। भाजपा वैश्य समुदाय के किसी विधायक को मंत्री बनाएगी। हिसार के विधायक डा. कमल गुप्ता के अलावा मंत्री बनने वालों की दौड़ में विधानसभा स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता का नाम भी चर्चा में है।

90 सदस्यीय विधानसभा में 14 मंत्री बनाने का प्रविधान है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल समेत कैबिनेट में अभी तक 12 मंत्री हैं। जजपा कोटे से डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला और पुरातत्व एवं अभिलेखागार राज्य मंत्री अनूप धानक मुख्यमंत्री मनोहर लाल की कैबिनेट में शामिल हैं। चर्चा इस बात की भी है कि मंत्रिमंडल विस्तार के साथ कुछ मंत्रियों की छुट्टी हो सकती है।

वहीं, राजनीतिक गलियारों में गृह विभाग मुख्यमंत्री के पास आने की भी चर्चाएं हैं। अभी तक गृह मंत्रालय अनिल विज के पास है, लेकिन मुख्यमंत्री कार्यालय के सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री अभी किसी को अस्थिर नहीं करेंगे। उन्हें अपनी सरकार में सभी को जोड़कर और साथ लेकर चलना है। इन चर्चाओं को हवा तब मिली, जब विज के दिल्ली में जाने की सूचना सामने आई। हालांकि बताया जा रहा है कि विज एम्स में अपने नियमित चैकअप के लिए गए थे। 

Exit mobile version