Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा बोर्ड ने जारी किए 10वीं-12वीं जुलाई परीक्षा के एडमिट कार्ड, 50 हजार से अधिक परीक्षार्थी देंगे परीक्षा

भिवानी: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने जुलाई-2026 में आयोजित होने वाली 10वीं और 12वीं की कंपार्टमेंट, आंशिक अंक सुधार और अतिरिक्त विषय की परीक्षाओं के प्रवेश-पत्र जारी कर दिए हैं. बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर एडमिट कार्ड अपलोड कर दिए गए हैं. इस बार प्रदेशभर में 50,867 परीक्षार्थी इन परीक्षाओं में शामिल होंगे. बोर्ड ने परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए हैं.

9 जुलाई से शुरू होगी 12वीं की परीक्षा: इस बारे में बोर्ड अध्यक्ष शंकर लाल धूपड़ ने कहा कि, “सीनियर सेकेंडरी कंपार्टमेंट व अतिरिक्त विषय की एक दिवसीय परीक्षा 9 जुलाई को आयोजित होगी. इस परीक्षा में 24,888 परीक्षार्थी शामिल होंगे, जिनमें 15,676 छात्र और 9,212 छात्राएं हैं.” वहीं, बोर्ड सचिव मुनीश शर्मा ने बताया कि, “प्रवेश-पत्र वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए गए हैं और परीक्षार्थी समय रहते इन्हें डाउनलोड कर लें.”

10 से 18 जुलाई तक होंगी 10वीं की परीक्षाएं: बोर्ड के अनुसार सेकेंडरी (10वीं) कंपार्टमेंट, आंशिक अंक सुधार और अतिरिक्त विषय की परीक्षाएं 10 जुलाई से 18 जुलाई तक आयोजित की जाएंगी. इन परीक्षाओं में 25,979 परीक्षार्थी शामिल होंगे, जिनमें 16,269 छात्र और 9,710 छात्राएं हैं. बोर्ड ने सभी परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं.

 बोर्ड अध्यक्ष शंकर लाल धूपड़ ने बताया कि, “यूएमसी अपील या पुनर्मूल्यांकन के बाद जिन विद्यार्थियों का परिणाम कंपार्टमेंट में संशोधित हुआ है, वे बिना विलंब शुल्क आवेदन कर सकते हैं. वहीं ऑनलाइन आवेदन से वंचित परीक्षार्थी एक हजार रुपये विलंब शुल्क के साथ परीक्षा शुरू होने से पहले बोर्ड कार्यालय में ऑफलाइन आवेदन कर प्रवेश-पत्र प्राप्त कर सकते हैं. पुनर्मूल्यांकन के बाद उत्तीर्ण घोषित हुए विद्यार्थी आंशिक अंक सुधार परीक्षा में शामिल हो सकेंगे. सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचने तथा मोबाइल, कैलकुलेटर, स्मार्ट वॉच सहित किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण का उपयोग न करने के निर्देश दिए गए हैं.”

Exit mobile version