हरियाणा में मार्च 2023 में होने जा रही 10वीं व 12वीं की परीक्षाओं को लेकर शिक्षा बोर्ड ने परीक्षा केंद्र वाले विद्यालयों को फरमान जारी किया है ताकि परीक्षा को नकल रहित करवाया जा सके। वहीं 10वीं व 12वीं के विद्यार्थी तीसरी आंख की जद में परीक्षा देंगे। इसके लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर 16-16 CCTV कैमरे लगाए जाएंगे।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के सचिव ने संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य व मुख्याध्यापक को पत्र लिखते हुए कहा कि सेकेंडरी व सीनियर सेकेंडरी परीक्षाएं 27 फरवरी से आरंभ होने जा रही है। इन परीक्षाओं का नकल रहित संचालन करने के लिए विद्यालयों में स्थापित किए गए परीक्षा केंद्र CCTV की निगरानी में रहेंगे।
उन्होंने निर्देश दिए किए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर 16 CCTV कैमरे लगाए जाएंगे। जिनकी क्वालिटी कम से कम 2 मेगा पिक्सल होनी चाहिए। साथ ही DVR व LED सिस्टम की भी व्यवस्था की जानी है। साथ ही परीक्षा के दौरान सभी CCTV कैमरे ऑनलाइन रखे जाएंगे। वहीं इसका खर्च विद्यालय प्रबंधन, विद्यालय प्रबंधन कमेटी या ग्राम पंचायत द्वारा वहन किया जाएगा।
ऐसे लगेंगे CCTV कैमरे
13 CCTV कैमरे : परीक्षा केंद्र के लिए प्रयोग होने वाली 13 कमरों में
1 CCTV कैमरा : परीक्षा केंद्र के लिए बनाए गए कंट्रोल रूम या केंद्र अधीक्षक के कमरे में
2 CCTV कैमरे : विद्यालय परिसर को कवर करने के लिए
बोर्ड को भेजनी होगी सूचना हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के सचिव ने कहा कि नकल रहित परीक्षा के लिए 16 CCTV कैमरे व अन्य सामान की अतिशीघ्र व्यवस्था की जाए ताकि परीक्षा के दौरान कोई भी परेशानी न हो। वहीं 17 फरवरी तक इसकी सूचना हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड को ई-मेल के माध्यम से भी भेजनी है।

