Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा बोर्ड की 10वीं सप्लीमेंट्री परीक्षा का रिजल्ट जारी, रेगुलर में 66.16% और ओपन स्कूल में 47.74% पास

भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने सितंबर-अक्टूबर 2026 में आयोजित सेकेंडरी (10वीं) शैक्षिक और मुक्त विद्यालय की पूरक परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। रेगुलर विद्यार्थियों का पास प्रतिशत 66.16 रहा, जबकि ओपन स्कूल का परिणाम 47.74 प्रतिशत रहा। विद्यार्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर अपना रिजल्ट देख सकते हैं।

बोर्ड अध्यक्ष डॉ. शंकर लाल धूपड़ और सचिव दीपक बाबूलाल करवा ने परीक्षा परिणाम की जानकारी दी। जिलावार परिणाम में हिसार 87.19 प्रतिशत के साथ पहले स्थान पर रहा, जबकि सोनीपत का परिणाम सबसे कम 38.18 प्रतिशत दर्ज किया गया।

रेगुलर परीक्षा में 7,908 विद्यार्थियों ने दी परीक्षा

सेकेंडरी शैक्षिक पूरक परीक्षा में कुल 7,908 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। इनमें से 5,232 विद्यार्थी पास हुए। वहीं, 2,431 विद्यार्थियों की कंपार्टमेंट (E.I.O.P.) आई है, जबकि 245 विद्यार्थियों को दोबारा परीक्षा देनी होगी।

लड़कों में 4,845 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जिनमें से 3,192 पास हुए। उनका पास प्रतिशत 65.88 रहा। वहीं, 3,063 लड़कियों में से 2,040 पास हुईं। लड़कियों का पास प्रतिशत 66.60 रहा। इस तरह लड़कियों का परिणाम लड़कों के मुकाबले बेहतर रहा।

हिसार जिला टॉपर, सोनीपत सबसे पीछे

जिलावार परिणाम में हिसार ने 87.19 प्रतिशत पास प्रतिशत के साथ पहला स्थान हासिल किया। वहीं, सोनीपत 38.18 प्रतिशत परिणाम के साथ सबसे निचले स्थान पर रहा।

ओपन स्कूल में 47.74 प्रतिशत विद्यार्थी पास

सेकेंडरी मुक्त विद्यालय की पूरक परीक्षा में कुल 7,407 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था। इनमें से 3,536 विद्यार्थी पास हुए, जबकि 3,871 की री-अपीयर आई है।

ओपन स्कूल परीक्षा में 4,473 लड़के शामिल हुए थे, जिनमें से 2,097 पास हुए। लड़कों का पास प्रतिशत 46.88 रहा। वहीं, 2,934 लड़कियों में से 1,439 पास हुईं। लड़कियों का पास प्रतिशत 49.05 दर्ज किया गया। यहां भी लड़कियों का परिणाम लड़कों से बेहतर रहा।

20 दिन के अंदर कर सकेंगे पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन

बोर्ड सचिव ने बताया कि जो विद्यार्थी अपनी उत्तरपुस्तिका की दोबारा जांच या पुनर्मूल्यांकन करवाना चाहते हैं, वे परिणाम घोषित होने की तारीख से 20 दिन के अंदर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए निर्धारित फीस जमा करवानी होगी। आवेदन हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर किया जा सकता है।

Exit mobile version