Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

Haryana Board 10th Result 2022: हरियाणा बोर्ड 10वीं का रिजल्ट जारी; 73.18 प्रतिशत बच्चे पास

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने अप्रैल-2022 में हुई सेकेंडरी (10वीं) परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। परीक्षा परिणाम 73.18 फीसदी रहा है और स्वयंपाठी परीक्षार्थियों का परिणाम 92.96 फीसदी रहा है। स्टूडेंट्स शाम पांच बजे से अपना रिजल्ट बोर्ड की वेबसाइट से डाउनलोड कर सकेंगे।

भिवानी बोर्ड अध्यक्ष डा. जगबीर सिंह और बोर्ड सचिव कृष्ण कुमार से मिली जानकारी के मुताबिक 10वीं की परीक्षा में छात्राओं का पास प्रतिशत 76.26 रहा है, जबकि 70.56 प्रतिशत छात्र सफलता प्राप्त कर सके हैं। लड़कियों ने लड़कों से 5.70 फीसदी ज्यादा पास प्रतिशतता दर्ज की है।

10वीं की परीक्षा में ईशरवाल पब्लिक स्कूल, ईशरवाल, भिवानी की अमीषा ने 499 अंक लेकर राज्य में पहला स्थान प्राप्त किया। प्रज्ञा सीनियर सेकेंडरी स्कूल, रीना, भांडवा, चरखी दादरी सुनैना, गीता विद्या मन्दिर हाई स्कूल, उचाना मंडी, जीन्द की खुशी और सैनिक पब्लिक हाई स्कूल, सिशमोर, कैथल की मंजु 497 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही हैं। छात्रा सुहानी, लखी राम मैमोरियल पब्लिक हाई स्कूल, हलालपुर, सोनीपत, डीसीएम सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बिठमडा, हिसार, लवकुश, बाबा उद्दल देव पब्लिक स्कूल, मदनहेड़ी, हिसार, हिमाशी, कैप्टन आरसी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, शिव नगर, हिसार और हिमानी, केशव शिक्षा निकेतन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, मंढाना, भिवानी ने 496 अंक अर्जित करके संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया है।

डा. जगबीर सिंह ने बताया कि दसवीं की परीक्षा में 3 लाख 26 हजार 487 परीक्षार्थी प्रविष्ट हुए थे। इनमें से 2 लाख 38 हजार 932 बच्चे पास हुए हैं। 19,679 परीक्षार्थियों की कम्पार्टमेंट आयी हैं। परीक्षा में 1 लाख 76 हजार 168 लड़कों में से 1 लाख 24 हजार 303 पास हुए हैं। इसी प्रकार 1 लाख 50 हजार 319 छात्राओं में से 1 लाख 14 हजार 629 पास हुई।

दसवीं की बोर्ड परीक्षा में राजकीय विद्यालयों की पास प्रतिशतता 63.54 और प्राइवेट स्कूलों के 88.21 प्रतिशत छात्र पास हुए हैं। परीक्षा में ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों की पास प्रतिशतता 74.06 रही है, जबकि शहरी क्षेत्र के विद्यार्थियों की पास प्रतिशतता 71.35 रही है। उन्होंने बताया कि सेकेंडरी परीक्षा के स्वयंपाठी परीक्षार्थियों का परिणाम 92.96 प्रतिशत रहा है। इस परीक्षा में 1903 परीक्षार्थी प्रविष्ठ हुए जिनमें से 1769 पास हुए।

शाम पांच बजे अपलोड होगा रिजल्ट

बोर्ड सचिव कृष्ण कुमार से मिली जानकारी के अनुसार परिणाम आज सायं 5:00 बजे से बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड हो जाएगा। कोई विद्यालय अगर समय पर परिणाम प्राप्त नहीं करता है तो इसके लिए वह स्वयं जिम्मेदार होगा। उन्होंने बताया कि स्वयंपाठी परीक्षार्थी अपना अनुक्रमांक अथवा नाम, पिता का नाम, माता का नाम व जन्म तिथि भरते हुए परीक्षा परिणाम देख सकते हैं। विद्यालयी परीक्षार्थी भी अपना परिणाम अनु क्रमांक व जन्म तिथि भरते हुए देख सकते हैं। किसी भी प्रकार की तकनीकी खराबी, त्रुटि के लिए बोर्ड कार्यालय जिम्मेदार नहीं होगा।

Haryana Board result: रिजल्ट चेक करने के स्टेप्स
चरण 1 – हरियाणा बोर्ड की आधिकारिक साइट पर bseh.org.in विजिट करें.
चरण 2 – रिजल्ट सेक्शन में रिजल्ट लिंक पर क्लिक करें.
चरण 3 – रोल नंबर और डेट ऑफ बर्थ सब्मिट करें.
चरण 4 – रिजल्ट कंप्यूटर स्क्रीन पर दिखाई देगा.
चरण 5 – रिजल्ट चेक कर डाउनलोड करें.
चरण 6 – रिजल्ट का प्रिंट आउट निकाल लें.

Exit mobile version