भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने हरियाणा विधानसभा चुनाव की तारीखों में फेरबदल करने की मांग की है। इसको लेकर भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने केंद्रीय चुनाव आयोग को चिट्ठी भेजी है। जिसमें उन्होंने चुनाव की तारीखों में बदलाव के लिए वीकेंड में 4 छुटि्टयां और बिश्नोई समाज का बड़ा धार्मिक कार्यक्रम कारण बताया है
वहीं इसके पीछे भाजपा का वोटिंग प्रतिशत गिरने का डर माना जा रहा है। भाजपा का मानना है कि जब-जब वोटिंग प्रतिशत गिरता है तो उन्हें नुकसान होता है।
इसके अलावा, अखिल भारतीय बिश्नोई महासभा ने भी मुख्य चुनाव आयुक्त को लेटर लिखकर चुनाव की डेट बदलने की मांग की है। महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र बुडिया ने कहा कि एक अक्टूबर को राजस्थान के बीकानेर में बड़े मेले का आयोजन होगा। इसमें बिश्नोई समाज के काफी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में चुनाव की डेट बदली जाए।
चुनाव आयोग ने 16 अगस्त को हरियाणा में चुनाव का ऐलान किया था। 1 अक्टूबर को वोटिंग और 4 अक्टूबर को मतगणना होगी।
बिश्नोई समाज का हिसार, सिरसा और फतेहाबाद जिले में अच्छा प्रभाव है। कुलदीप बिश्नोई के भाजपा में आने के बाद बिश्नोई समाज का अधिकतर वोट बैंक भाजपा में शिफ्ट होने की उम्मीद है। सिरसा, डबवाली, फतेहाबाद, हिसार, आदमपुर, नलवा, बरवाला विधानसभा में बिश्नोई समाज के काफी वोटर हैं।
हिसार लोकसभा में करीब 48 हजार और सिरसा में 51 हजार बिश्नोई समाज के वोट हैं। पार्टियों का मानना है कि बिश्नोई समाज का वोटर हमेशा एकजुट रहता है। इसलिए बिश्नोई समाज के वोट को निर्णायक वोट माना जाता है।
