Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा बीजेपी हारी सीटों का मंथन करेगी:19 अगस्त को बैठक, मंत्रियों-विधायकों को जिम्मेदारी दी, चौटाला-हुड्डा के गढ़ भी मोर्चाबंदी में शामिल

हरियाणा बीजेपी एक बार फिर हारी हुई सीटों का मंथन करने जा रही है। इसके लिए 19 अगस्त को एक बड़ी बैठक बुलाई गई है। इस मीटिंग में हारे हुए उम्मीदवारों के साथ-साथ जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी और प्रदेश पदाधिकारी भी शामिल होंगे।

बैठक चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर होगी और इसकी अध्यक्षता सीएम नायब सैनी करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ोली भी इसमें मौजूद रहेंगे।

पार्टी नेताओं के अनुसार, इस मीटिंग में सरकार और संगठन से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा होगी। इसके बाद पंचकूला स्थित बीजेपी कार्यालय में ‘मन की बात’ कमेटी की बैठक भी आयोजित की जाएगी।

बीजेपी ने हरियाणा में मिशन 2029 की तैयारी शुरू कर दी है। 2024 के विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार सत्ता में आने के बाद पार्टी ने 42 ऐसे विधानसभा क्षेत्रों में 12 मंत्रियों और 30 विधायकों को प्रभारी बनाया है, जहां 2024 में चुनाव में हार हुई थी।

मुख्यमंत्री नायब सैनी और विधानसभा स्पीकर हरविंद्र कल्याण समेत छह विधायकों को हारे हुए विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी से अलग रखा गया है। मुख्यमंत्री के पास पूरे राज्य की निगरानी है, जबकि विधानसभा स्पीकर का पद संवैधानिक होने के कारण उन्हें यह जिम्मेदारी नहीं दी गई।

बता दें कि राज्य में विधानसभा सीटों का परिसीमन होना बाकी है। 90 विधानसभा सीटों की संख्या बढ़कर 126 होने का अनुमान लगाया जा रहा है। इस लिहाज से भी मंत्रियों एवं विधायकों को हारे हुए विधानसभा क्षेत्रों में काम करने की जिम्मेदारी को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

हाल ही में सीएम आवास पर हुई विधायक दल की मीटिंग में हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी को सिरसा, डॉ. अरविंद शर्मा को गढ़ी सांपला किलोई और महिपाल ढांडा को गुहला चीका विधानसभा सीटों की जिम्मेदारी मिली है।

राजस्व मंत्री विपुल गोयल रोहतक संभालेंगे। सिरसा पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला के प्रभाव वाला क्षेत्र माना जाता है। रोहतक पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का इलाका है, जबकि कैथल को कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला के प्रभाव का क्षेत्र माना जाता है।

मंत्रियों की ड्यूटी इस हिसाब से लगाई गई है, ताकि भाजपा चौटाला एवं हुड्डा के प्रभाव क्षेत्रों को अपने प्रभाव क्षेत्र में बदलने की लाइन पर आगे बढ़ सके।

बंसीलाल और भजनलाल के पारिवारिक सदस्यों किरण चौधरी, श्रुति चौधरी, कुलदीप बिश्नोई और भव्य बिश्नोई पहले ही भाजपा में शामिल हो चुके हैं। कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी को ऐलनाबाद और कृष्ण लाल पंवार को आदमपुर विधानसभा सीटें दी गई हैं। गढ़ी सांपला किलोई से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा कांग्रेस के विधायक हैं, जिसकी जिम्मेदारी मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा को सौंपी गई है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के पुराने विधानसभा क्षेत्र नारायणगढ़ की जिम्मेदारी कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा को सौंपी गई है। चौटाला के प्रभाव वाले सिरसा एवं फतेहाबाद क्षेत्रों में भाजपा ने तीन मंत्रियों को मोर्चाबंदी करने का जिम्मा सौंपा है।

सिरसा शहर में समाज कल्याण मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, ऐलनाबाद में सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी एवं डबवाली में खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम काम करेंगे।

Exit mobile version