भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल कौशिक ने रोहतक जिले में कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस की फितरत है कि वह सुप्रीम कोर्ट जाती है। वह किसी भी विकास कार्य में बाधा डालने के लिए कोर्ट पहुंच जाती है।
वह विकास कार्यों को भी कोर्ट में ले जाती है, जो ठीक नहीं है। मोहन लाल कौशिक ने कहा कि कांग्रेस हर काम में भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर लोगों को गुमराह करती है और उनसे झूठ बोलती है।
कांग्रेस की आदत बन गई है कि वह कोई भी काम पूरा नहीं होने देगी और लोगों को भड़काएगी। लोकसभा और राज्यसभा के पास कानून बनाने का अधिकार है और सुप्रीम कोर्ट भी इसे मानता है।
हिसार एयरपोर्ट को लेकर मोहन लाल कौशिक ने कहा कि जब एयरपोर्ट की घोषणा हुई तो कांग्रेस नेताओं ने कहा था कि अगर एयरपोर्ट शुरू हो जाए तो वह इस्तीफा दे देंगे। क्या अब कांग्रेस नेता इस्तीफा देंगे। एयरपोर्ट की योजना भले ही कांग्रेस की हो, लेकिन पूरा तो भाजपा ने किया है।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा को इसका धन्यवाद करना चाहिए कि एयरपोर्ट शुरू हो रहा है। कांग्रेस की सारी बात मानने की जरूरत नहीं है, वो एयरपोर्ट पर कभी बिल्ली दिखाएंगे तो कभी भैंस दिखाएंगे।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल कौशिक ने कहा कि वक्फ बोर्ड अधिनियम संशोधन बिल से गरीब तबके के मुसलमान व सिख समाज के लोगों को न्याय मिलेगा। वक्फ बोर्ड के तहत जिस प्रकार जमीनों पर अवैध कब्जे कर रखे थे, उन्हें अब छुड़वाया जाएगा। वक्फ बोर्ड को जो गलत शक्तियां दे रखी थी, उन पर अंकुश लगाने का काम किया जाएगा। यह बिल गरीबों को उनका हक दिलाने के लिए लाया गया है।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल कौशिक ने प्रदेश कार्यालय शिफ्ट करने के बारे में कहा कि पंचकुला में कार्यालय इसलिए बनाया गया है ताकि संगठन की कोई भी मीटिंग हो तो उसमें आसानी से सभी नेता पहुंच सके। राजनीतिक दृष्टि से रोहतक में लंबे समय से कार्यालय रहा, लेकिन राजधानी एक कोने में है।
चंडीगढ़ में विधायकों व नेताओं की आवाजाही अधिक है, इसलिए पंचकुला में कार्यालय खोलने की जरूरत पड़ी। गुरुग्राम में भी कार्यालय बनाया है। तीन प्रदेश कार्यालय हरियाणा में है लेकिन संगठन मंत्री पंचकुला वाले कार्यालय में रहेंगे।
मोहन लाल कौशिक ने कहा कि 10, 11 व 12 अप्रैल को भाजपा कार्यकर्ता गांव चलो व बस्ती चलो अभियान चलाएंगे। प्रदेश की 6225 पंचायतों में कार्यकर्ता गांव व चौपाल में जाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद करेंगे। 13 अप्रैल को सभी बाबा साहब भीम राव अंबेडकर की प्रतिमाओं से स्वच्छता अभियान की शुरुआत करेंगे। वहीं, 14 अप्रैल को सुबह माल्यार्पण करने के बाद पीएम नरेंद्र मोदी के कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
