हरियाणा में हिमाचल से भी ज्यादा ठंड पड़ रही है। शिमला और मनाली में तापमान 16 डिग्री के आसपास बना हुआ है, वहीं हरियाणा के सभी शहरों का तापमान 14 डिग्री से भी नीचे दर्ज किया गया है।

गुरुवार काे राज्य में घना कोहरा रहा। इससे हिसार, झज्जर, रेवाड़ी, पंचकूला महेंद्रगढ़ और भिवानी समेत कई जगह विजिबिलिटी 10 से 20 मीटर तक रही। इसके अलावा सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी में कोहरे के साथ शीतलहर भी रही। मौसम विभाग के मुताबिक 4 जनवरी से मौसम बदलेगा और बारिश की संभावना है।
उधर, पंजाब के अमृतसर और पठानकोट में कोहरे के कारण विजिबिलिटी शून्य पहुंच गई। इटली के मिलान से अमृतसर आने वाली फ्लाइट समय से पौने 3 घंटे लेट लैंड हुई। फ्लाइट को आधा घंटा हवा में चक्कर लगाने पड़े। इसके साथ मुंबई से आने वाली इंडिगो की फ्लाइट भी तकरीबन 25 मिनट हवा में चक्कर लगाती रही।
मौसम विभाग के अनुसार 4 व 5 जनवरी से नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होगा। पाकिस्तान और अफगानिस्तान से आने वाली हवाओं के चलते हरियाणा और पंजाब में बारिश के आसार बन रहे हैं। इसके बाद 10 जनवरी के आसपास एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो सकता है।
मौसम वैज्ञानिकों की माने तो अभी तीन दिन तक सुबह और शाम को कोहरा छाया रहेगा। जनवरी माह में दो से तीन पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो सकते हैं।
भारतीय गेहूं एवं जौ अनुसंधान केंद्र करनाल के डायरेक्टर डॉ. रत्न तिवारी के अनुसार गेहूं में बहुत अच्छी ग्रोथ है। मौसम अनुकूल रहा तो उत्पादन भी बेहतर होगा। दिसंबर के आखिरी सप्ताह में पाला नहीं जमा है। अगले एक सप्ताह भी पाला जमने के आसार नहीं हैं
पंजाब-चंडीगढ़ में आज एक बार फिर मौसम विभाग ने कोल्ड वेव को लेकर अलर्ट जारी किया है। कुछ दिनों से धूप ना खिलने के कारण पूरे राज्य का दिन का तापमान अभी भी सामान्य से 1.8 डिग्री कम बना हुआ है, लेकिन आने वाले दो दिन राहत के रहने वाले हैं। 4 जनवरी से एक बार फिर मौसम करवट लेगा और राज्य में दोबारा बारिश के आसार बन रहे हैं।
