हरियाणा सरकार ने हरियाणा राज्य अनुसूचित जाति आयोग में नई नियुक्तियां की हैं। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से 8 अगस्त को जारी अधिसूचना के अनुसार बंतो कटारिया को आयोग की चेयरपर्सन और रेनू डाबला को वाइस चेयरपर्सन नियुक्त किया गया है। राज्यपाल की ओर से इन नियुक्तियों को मंजूरी दी गई है।
बंतो कटारिया पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं अंबाला से सांसद रहे स्व. रतनलाल कटारिया की पत्नी हैं। उन्होंने वर्ष 2024 का लोकसभा चुनाव अंबाला लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी के तौर पर लड़ा था। हालांकि, इस चुनाव में उन्हें कांग्रेस प्रत्याशी वरुण चौधरी से हार का सामना करना पड़ा था। रतनलाल कटारिया का मई 2023 में निधन हो गया था। इसके बाद से बंतो कटारिया अंबाला क्षेत्र में सक्रिय हैं।
रेनू डाबला रोहतक की पूर्व मेयर रह चुकी हैं। उन्हें अब अनुसूचित जाति आयोग में वाइस चेयरपर्सन की जिम्मेदारी दी गई है। अधिसूचना में कहा गया है कि दोनों पदाधिकारियों की नियुक्ति के नियम एवं सेवा शर्तें अलग से जारी की जाएंगी। विभाग ने नियुक्ति संबंधी अधिसूचना को हरियाणा सरकार के राजपत्र में प्रकाशित करने के लिए भी भेज दिया है।
दोनों नियुक्तियां राजनीतिक तौर पर भी अहम मानी जा रही हैं, क्योंकि सरकार ने अनुसूचित जाति आयोग के शीर्ष दोनों पदों पर महिला नेताओं को जिम्मेदारी दी है। आयोग अनुसूचित जाति वर्ग से जुड़े अधिकारों, शिकायतों और उनके हितों से संबंधित मामलों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
