Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा का विधानसभा सत्र 3 दिन का होगा:परसों से शुरुआत; CM सैनी का कांग्रेस पर तंज, बोले- विपक्ष अपना नेता ढूंढे

हरियाणा में विधानसभा सत्र 3 दिन का रहेगा। आज चंडीगढ़ में हुई बिजनेस एडवाइजरी कमेटी (BAC) की बैठक में यह फैसला लिया गया। मीटिंग के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का बयान सामने आया है। उन्होंने बताया है कि विधानसभा का यह सत्र 13, 14 और 18 नवंबर का रहने वाला है।

इस बैठक में CM सैनी के अलावा स्पीकर हरविंदर कल्याण, संसदीय कार्य मंत्री महिपाल ढांडा और डिप्टी स्पीकर कृष्ण मिड्ढा भी शामिल थे।

मीटिंग के बाद मुख्यमंत्री सैनी ने अपने बयान में विपक्ष पर भी हमला बोला। हरियाणा में अब तक विपक्ष का नेता न चुने जाने को लेकर उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष चुनना विपक्ष का काम है। वह कब तक चुनेंगे, यह उनका मामला है।

वहीं, शीतकालीन सत्र को लेकर विपक्षी दलों ने मेगा प्लानिंग बना ली है।​​​​ विपक्षी दल पराली जलाने पर डबल जुर्माने के केंद्र के फैसले समेत 5 बड़े मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री नायब सैनी को घेरने की तैयारी कर रहे हैं।

इस बार कांग्रेस के साथ इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) के विधायक भी पूरी तरह से एक्टिव है। इनेलो की ओर से 8 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव विधानसभा में दे दिए गए हैं।

वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा ने भी संकेत दिए हैं कि सेशन काफी हंगामेदार होने वाला है। पिछले दिनों रोहतक में उन्होंने कहा था कि विपक्ष मजबूत है। विधानसभा में जनहित के मुद्दों को जोर-शोर से उठाया जाएगा।

Exit mobile version