Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा विधानसभा सत्र- बंसीलाल को याद किया:गौतम स्पीकर से बोले-सदस्यों में लड़ाई होने पर आप आनंद लेते हो, कल्याण ने कहा- ये मेरा काम

हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र का आज तीसरा दिन है। अब शून्यकाल की कार्यवाही चल रही है। जिसमें पूर्व सीएम बंसीलाल को याद किया गया। इस दौरान गोरखपुर में बन रहे परमाणु संयत्र का नाम बंसीलाल के नाम पर रखने की मांग की गई।

सफीदों से भाजपा विधायक रामकुमार गौतम ने समय कम होने पर स्पीकर पर तंज किया। उन्होंने कहा कि जब सदस्यों में लड़ाई होती है तो आप पूरा आनंद लेते हो, इस पर स्पीकर ने आपत्ति जताई। कल्याण ने कहा कि आप चेयर को ऐसा नहीं कह सकते हैं। मैं अपना काम कर रहा हूं। आपको जो भी कहना है कि वह आप लिखित में दीजिए।

इससे पहले प्रश्नकाल हुआ। जिसमें कांग्रेस विधायक शीशपाल केहरवाला ने राशन कार्ड काटे जाने का मुद्दा उठाया। इस कारण सदन में हंगामा होने लगा। पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने इसका जवाब दिया। उन्होंने कहा सर्वे के आधार पर नाम काटे गए।

कांग्रेस विधायक जस्सी पेटवाड़ ने पोर्टल पर सवाल खड़े करते हुए किसानों के मुआवजे के बारे में पूछा। इस पर मंत्री विपुल गोयल ने कहा, सब काम प्रोसेस से ही होता है। अभी नए-नए विधायक बने हो।

सदन में आज भिवानी की लेडी टीचर मनीषा की मौत और लॉ एंड ऑर्डर को लेकर कांग्रेस के काम रोको प्रस्ताव पर चर्चा होगी। इससे पहले 22 अगस्त को कांग्रेस ने सदन में जमकर हंगामा किया था। स्पीकर को 6 बार कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी थी। इसे लेकर स्पीकर हरविंद्र कल्याण को सर्वदलीय बैठक तक बुलानी पड़ी थी।

उधर, नशामुक्ति और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, स्पीकर हरविंद्र कल्याण और मंत्रियों के साथ MLA हॉस्टल से साइकिल चलाकर विधानसभा पहुंचे। मानसून सत्र 27 अगस्त तक चलेगा। 28 अगस्त को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में कैबिनेट मीटिंग होगी।

सीएम नायब सैनी ने कहा कि मैंने कल भी सभी सदस्यों को निमंत्रण दिया था, आज भी दे रहा हूं। हमारे नए गवर्नर असीम घोष सभी विधायकों से मिलना चाहते हैं। इसके लिए सदन में ही लंच की व्यवस्था की गई है। सीएम ने कहा, आज पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी बंसीलाल की आज जयंती है। उनके कार्यकाल में हरियाणा ने विकास की नई ऊंचाईयों को छुआ था। वह सच्चे कर्मयोगी थे। उन्होंने अपने दूरदर्शी नेतृत्व से हरियाणा को विकास की ओर लेकर गए।

विधायक रघुवीर तेवतिया के सवाल का जवाब देते हुए सीएम नायब सैनी ने कहा, मैं पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्‌टर का आभारी हूं कि जिन्होंने हर बीस किलोमीटर पर छात्राओं के लिए कॉलेज खोले हैं। मैं विधायक से कहना चाहता हूं कि पलवल में एक राजकीय महाविद्यालय है। यहां अभी भी सीटें कुछ खाली पड़ी हैं।

Exit mobile version