Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में दिवाली पर 5 शहरों में हवा जहरीली हुई,ग्रैप-2 की पाबंदियां शुरू, तापमान 35.5 डिग्री पहुंचा

हरियाणा में दिवाली से पहले प्रदूषण गंभीर स्थिति में पहुंच गया है। रविवार को हरियाणा एनसीआर (नेशनल कैपिटल रीजन) के बल्लभगढ़ में प्रदूषण का स्तर 305 पर पहुंच गया जो गंभीर स्थिति में आता है। इसके अलावा 4 शहर बहादुरगढ़, रोहतक, नारनौल और गुरुग्राम में प्रदूषण खराब स्थिति में पहुंच गया है।

प्रदेश में प्रदूषण का स्तर देखते हुए ग्रैप 2 की पाबंदियां शुरू हो गई हैं। इससे पहले 14 नवंबर को एनसीआर में ग्रैप का पहला चरण लागू हो हुआ था। औसत एक्यूआई से अलग मैक्सिमम एक्यूआई इन शहरों में 500 तक पहुंच रहा है। दिवाली पर होने वाली आतिशबाजी के कारण प्रदेश में एक्यूआई का स्तर दोगुना बढ़ने की संभावना है।

सरकार की ओर से ग्रीन पटाखों को छोड़कर अन्य सभी तरह के पटाखों पर बैन लगा दिया है। हालांकि इसके बावजूद अन्य पटाखों की बिक्री भी हो रही है। जिससे दीपावली से अगले दिन हरियाणा एक गैस चैंबर के रूप में तब्दील हो सकता है। इससे सांस व हृदय संबंधी रोगियों को समस्या आ सकती है।

इसके अलावा प्रदेश के 11 जिलों सोनीपत, कैथल, कुरुक्षेत्र, धारूहेड़ा, फतेहाबाद, अंबाला, पंचकूला, करनाल, जींद, पानीपत और यमुनानगर में प्रदूषण का स्तर मध्यम बना हुआ है। वहीं इसके अलावा प्रदेश के बाकी इलाकों में हवा साफ है। हिसार में एक्यूआई मापने वाला यंत्र बंद पड़ा है। इसके कारण डेटा उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। भिवानी में सबसे कम एक्यूआई 33 रहा।

वहीं, उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने से न्यूनतम तापमान में कमी देखने को मिल रही है। हरियाणा के 6 शहर हिसार, गुरुग्राम, जींद, कैथल, महेंद्रगढ़ और पंचकूला में तापमान 18 डिग्री से कम दर्ज किया गया है। वहीं दिन के समय धूप खिलने से अब भी गर्मी बनी हुई है। करनाल के इंद्री रेस्ट हाउस के नजदीक तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं पलवल में तापमान 35.3, अंबाला और हिसार में 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

Exit mobile version