Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

Haryana: अस्पताल में भर्ती नाबालिग से डॉक्टर ने किया दुष्कर्म, ब्लीडिंग होने पर इमरजेंसी में करवाना पड़ा भर्ती

लोकनायक जयप्रकाश जिला अस्पताल में एक गंभीर मामला सामने आया है। अस्पताल के एक कंसल्टेंट चिकित्सक पर 29 मई को भर्ती एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म करने के आरोप लगे हैं। पुलिस को दी गई सूचना में चिकित्सक उपेंद्र ने बताया कि आरोपी चिकित्सक पर एक मरीज ने अपने साथ ओपीडी कमरे में कई बार यौन शोषण करने के आरोप लगाए हैं। पीड़िता को जब बहुत ज्यादा ब्लीडिंग हुई तो उसे इमरजेंसी वॉर्ड में लाया गया।

अस्पताल प्रशासन के मुताबिक नाबालिग लड़की 29 मई की दोपहर को महिला वॉर्ड में आरोपी चिकित्सक के अधीन भर्ती थी। रात करीब 8:30 बजे नाबालिग को अधिक ब्लीडिंग की शिकायत के बाद इमरजेंसी वॉर्ड में शिफ्ट किया गया। वहां नाबालिग ने अपने साथ हुए यौन शोषण का खुलासा किया। अस्पताल की गायनेकोलॉजिस्ट ने भी मेडिकल जांच में कई बार दुष्कर्म होने का उल्लेख किया है।

आरोपी चिकित्सक पर पहले भी दुष्कर्म के कई बार आरोप लग चुके हैं। आरोपी सीएमओ पद से रिटायर है और वर्तमान में एलएनजेपी अस्पताल में कंसल्टेंट फिजिशियन के रूप में कार्यरत है। जानकारी के मुताबिक आरोपी पहले भी एक महिला से दुष्कर्म के मामले में जेल जा चुका है। मामला सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पूरे प्रकरण की सूचना पुलिस को दी है। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक नाबालिग की स्थिति स्थिर बताई जा रही है और उसका उपचार जारी है।

केयूके थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार ने बताया की अस्पताल से एक चिकित्सक के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत मिली थी, जिसके आधार पर उनकी टीम मौके पर पहुंची और नाबालिग के बयान दर्ज कर एक पुलिसकर्मी को उसकी सुरक्षा में तैनात किया गया है। मजिस्ट्रेट नियुक्त कर नाबालिग के बयान दर्ज करवाने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपी चिकित्सक की तलाश में टीम दबिश दे रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version