Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हर घर तिरंगा कार्यक्रम: आम आदमी भी 20 रुपए में राशन डिपो से तिरंगा खरीद कर छत पर फहरा सकेगा: उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार

रोहतक में आज उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने कहा है कि हर घर तिरंगा कार्यक्रम को लेकर प्रत्येक विभाग कोई ना कोई गतिविधि आयोजित करेगा। उपायुक्त आज अपने कार्यालय में हर घर तिरंगा कार्यक्रम को लेकर अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
कैप्टन मनोज कुमार ने कहा कि जहां पंचायत विभाग द्वारा जिला के अमृत सरोवरों पर तिरंगा फहराया जाएगा, वही वन विभाग द्वारा तिरंगे के साथ पौधारोपण किया जाएगा। इसी प्रकार से शिक्षा विभाग द्वारा स्कूल व कॉलेज आदि में प्रभात फेरी, पदयात्रा, साइकिल रैली, सेमिनार गोष्ठïी, कार्यशाला, पेंटिंग व रंगोली आदि प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसी कड़ी में राहगिरी का कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा और अलग से सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।

उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने कहा कि भारतवासी आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं। इस बार हर घर तिरंगा कार्यक्रम इसलिए आयोजित किया जा रहा है कि आने वाली 15 अगस्त को देश को आजाद हुए 75 वर्ष पूरे हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के तहत देश के 75 जिलों का चयन किया गया है, जिनमें रोहतक जिला भी शामिल है। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा कार्यक्रम के पीछे मूल भावना यही है कि प्रत्येक नागरिक में देश भक्ति व राष्ट्र भावना का जज्बा पैदा हो और वह अपने देश के प्रति मोहब्बत का इजहार कर सके। इसलिए हर एक नागरिक को इस कार्यक्रम में बढ़-चढक़र हिस्सा लेना चाहिए।

कैप्टन मनोज कुमार ने 13 से 15 अगस्त तक सभी सरकारी, गैर सरकारी भवनों, विश्वविद्यालय, स्कूल और दुकानों, फैक्ट्रियों व अन्य संस्थानों के भवनों पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जिला में लगभग 3 लाख घर है और इन सभी घरों पर तिरंगा फहराने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा कार्यक्रम पूरी दुनिया के लिए एक उदाहरण बनने जा रहा है। जब प्रत्येक भारतवासी अपने घरों व संस्थानों आदि पर तिरंगा फहरा कर पूरे राष्ट्र में राष्ट्र भावना से ओत प्रोत वातावरण बनाएंगे।

उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने कहा कि झंडा जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध करवाया जाएगा। इसके लिए शहरी व ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में झंडा उपलब्ध करवाने के केंद्र निर्धारित किए जाएंगे। झंडे व इसके लिए इस्तेमाल होने वाले डंडे की कीमत 25 रुपये है। उन्होंने कहा कि यह राशि प्रतीकात्मक है और इसके पीछे मूल भावना यही है कि तिरंगा देश की शान है। इसे खरीद कर निश्चित रूप से प्रत्येक नागरिक को गर्व की अनुभूति होगी और आभास होगा कि उसने राष्ट्र के प्रति कुछ ना कुछ योगदान दिया है। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त महेंद्र पाल, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त महेश कुमार, नगराधीश मोहित महराना, जिला शिक्षा अधिकारी विरेंद्र मलिक, डीडीपीओ अजीत चहल, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी आशा दहिया, एमएसएमई की सहायक निदेशक नीलिमा भी मौजूद थी।

Exit mobile version