Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हांसी जिम संचालक हत्याकांड: लॉरेंस गैंग ने पुलिस एनकाउंटर को बताया फर्जी, CCTV फुटेज होने का दावा

हांसी के चर्चित जिम संचालक कपिल रेढू हत्याकांड में नया मोड़ आ गया है। लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े गैंगस्टर सुंदर टकला ने सोशल मीडिया पर पोस्ट जारी कर हरियाणा पुलिस और दिल्ली पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में हुए दो आरोपियों के एनकाउंटर को फर्जी करार दिया है।सुंदर टकला ने दावा किया है कि पुलिस ने जिन दो शूटरों को मुठभेड़ में मार गिराने की बात कही है, उन्हें पहले ही केरल से हिरासत में ले लिया गया था। गैंगस्टर के अनुसार, उनके पास इस संबंध में CCTV फुटेज मौजूद हैं। पोस्ट में यह भी आरोप लगाया गया है कि एनकाउंटर के समय दोनों आरोपियों के पास कोई हथियार नहीं था और हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार पहले से ही हांसी CIA-2 के पास जमा थे।गैंगस्टर ने आरोप लगाया कि पुलिस अपनी नाकामी छिपाने के लिए इस एनकाउंटर को अंजाम दिया है। साथ ही पोस्ट में धमकी भरे अंदाज में कहा गया कि इस घटना का बदला लिया जाएगा और विरोधियों को इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी। गौरतलब है कि करीब 25 दिन पहले हांसी में 25 वर्षीय जिम संचालक कपिल रेढू की अंधाधुंध गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। इस दौरान एक युवती भी घायल हुई थी। वारदात के कुछ घंटों बाद ही लॉरेंस गैंग के सदस्य हैरी बॉक्सर ने सोशल मीडिया के जरिए हत्या की जिम्मेदारी ली थी। इसके बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।वहीं दूसरी ओर हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और दिल्ली पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस स्पेशल सेल ने इस मुठभेड़ को पूरी तरह वास्तविक और वैधानिक कार्रवाई बताया है। एसटीएफ के एसपी विक्रांत भूषण के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों इनामी बदमाश बहादुरगढ़ के बालौर बाईपास क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने घेराबंदी की, जिसके बाद बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी मारे गए।पुलिस के अनुसार मुठभेड़ के दौरान दोनों पक्षों की ओर से करीब 12 से 13 राउंड फायरिंग हुई। इस दौरान एक पुलिस कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हुआ, जबकि चार अन्य पुलिसकर्मियों की जान बुलेटप्रूफ जैकेट की वजह से बच गई। मृतकों की पहचान हिसार जिले के टिब्बा दानाशेर निवासी प्रवेश और जाखोड़ खेड़ा निवासी हिमांशु के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से हथियार और कारतूस के खोल बरामद करने का दावा किया है।फिलहाल लॉरेंस गैंग की ओर से लगाए गए आरोपों और पुलिस के दावों के बीच यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Exit mobile version