हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम बदल गया है। मौसम विभाग ने आज और कल (19-20 फरवरी) को बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हल्की व मध्यम दर्जे की बारिश के साथ ओले भी गिर सकते हैं। साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से हवा चलने के भी आसार हैं।
पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, रोहतक, सोनीपत, जींद, झज्जर, पानीपत में तेज हवा और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट है।
हरियाणा में इन दिनों लगातार धूप रहने के कारण 24 घंटे के दौरान महेंद्रगढ़ का नारनौल सबसे गर्म रहा। यहां दिन का तापमान 29.5 डिग्री तक पहुंच गया। इसके बाद हिसार में 29.4, सिरसा में दिन का तापमान 29.0 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा सोनीपत का 28.7, रोहतक का अधिकतम पारा 28.3 डिग्री पहुंच गया।
हरियाणा में बदले मौसम से ठंड बढ़ेगी। विशेषज्ञों का कहना है कि पहाड़ों में बर्फबारी का असर भी मैदानी भागों में दिखाई देगा। ऐसे में फरवरी के अंत तक रात को ठंडक बने रहने के आसार हैं। वहीं, अभी हरियाणा में दिन और रात के तापमान में काफी अंतर चल रहा है, लेकिन आज कुछ जिलों में बादल छाए रहने के आसार हैं, इस कारण दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी।
अभी अधिकांश जिलों में दिन का अधिकतम तापमान 20 डिग्री के ऊपर पहुंच गया है। इस कारण से लोगों को फरवरी महीने में ही गर्मी का एहसास हो रहा है।
