Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में चेन स्नैचिंग का वीडियो शूट करना पड़ा भारी: शूटिंग को असली बता वायरल किया वीडियो, पुलिस ने घंटों की पूछताछ के बाद छोड़ा

रोहतक में चेन स्नैचिंग का वीडियो शूट करने के चक्कर में 2 छात्राएं व उनके 2 साथी थाने पहुंच गए। कई घंटों की पूछताछ के बाद पुलिस ने उन्हें छोड़ा। पूरे मामले में गलतफहमी तब हुई, जब किसी ने उनकी शूटिंग को असली स्नैचिंग बताकर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर दिया। अब भी यह वीडियो स्नैचिंग के नाम से ही वायरल हो रहा है।

यह था मामला :

रोहतक में युवाओं का ग्रुप इंस्टाग्राम ID चलाता है। उन्होंने चेन स्नैचिंग से जागरूकता के लिए एक वीडियो बनाने का फैसला किया। जिसके लिए वह रोहतक के बाजार गए। वहां उनकी 2 साथी छात्राएं खरीदार बनकर मार्केट में खड़ी हो गई। इसके बाद 2 युवक हेलमेट पहने बाइक पर आए और उनकी चेन छीन ली। यह पूरा वीडियो इनका ही एक साथी शूट कर रहा था। उनका दावा है कि इसे वे अवेयरनेस के लिए शूट कर रहे थे ताकि लोगों को उसके बारे में बता सकें।

हुआ यूं कि इसके बारे में मार्केट के लोगों को पता नहीं था। जब यह शूटिंग हो रही थी तो किसी बाहरी व्यक्ति ने भी इसे मोबाइल पर शूट कर ली। उसके बाद उसने इसे वायरल कर दिया कि डी पार्क के नजदीक दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग हो गई। लोगों ने रोहतक पुलिस की खिंचाई शुरू कर दी। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया।

पुलिस को भी यह असली स्नैचिंग लगी। उन्होंने पूरी जांच के बाद उन 2 युवकों को हिरासत में ले लिया, जिन्होंने बाइक पर बैठकर स्नैचिंग की थी। युवकों ने पुलिस को बताया कि ये स्नैचिंग नहीं बल्कि वे इसे शूट कर रहे थे। छात्राएं भी उनकी जानकार हैं। पूरा मामला समझने के लिए पुलिस ने छात्राओं को भी थाने बुलाया। छात्राओं ने भी पूछताछ में कबूला कि यह असली नहीं बल्कि नकली स्नैचिंग थी, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें क्लीन चिट दे दी।

वायरल किए वीडियो में दो युवतियां दुकान पर खरीदारी कर रही हैं। इसी दौरान बाइक पर हेलमेट पहने दो युवक आते हैं। उनमें से एक युवक नीचे उतरता है। युवती के गले से चेन छीनता है और फिर भागने की कोशिश करता है। यह देख एक और व्यक्ति उन्हें पकड़कर धुनाई कर देता है।

Exit mobile version