अगर आज मैं मुख्यमंत्री होता तो अमित पंघाल समेत तमाम पदक विजेता खिलाड़ियों को अभी डीएसपी की फीत लगाकर जाता। भविष्य में हमारी सरकार बनने सभी पदक विजेताओं को पदक लाओ- पद पाओ नीति के तहत डीएसपी जैसे उच्च पदों पर नियुक्ति दी जाएगी। यह कहना है पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा का। रविवार को मायना गांव में बाक्सर अमित पंघाल के सम्मान में हुए कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को भी खिलाड़ियों के मान सम्मान में कोई कोर कसर नहीं छोड़नी चाहिए।

कांग्रेस सरकार के दौरान जिस नीयत से पदक लाओ-पद पाओ नीति बनाई गई थी, उसमें बिना छेड़छाड़ के खिलाड़ियों को लाभ दिया जाना चाहिए। यह बड़े दुर्भाग्य की बात है कि मौजूदा सरकार ने पदक विजेता खिलाड़ियों से डीएसपी व उच्च पदों पर नियुक्ति का अधिकार छीन लिया है। इसके चलते खिलाड़ियों ही नहीं, बल्कि पूरे हरियाणा में रोष है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान हरियाणा को खेलों का हब बनाने और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए कई कदम उठाए गए थे।

खिलाड़ियों को देश में पहली बार पांच करोड़ रुपये तक के नकद इनाम देने की शुरुआत भी उन्हीं की सरकार ने की थी। कांग्रेस सरकार ने गांव-गांव में खेल स्टेडियम बनाए, लेकिन मौजूदा सरकार उनका रखरखाव भी ढंग से नहीं कर पा रही है। उन्होंने प्रदेश के खिलाड़ियों को आश्वासन दिया कि वह निराश ना हो। भविष्य में फिर से कांग्रेस की सरकार बनेगी और देश व प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को उचित सम्मान दिया जाएगा।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!