Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

किसान सम्मेलन में ट्रैक्टर चलाकर पहुंचे गुरनाम चढूनी- बोले MSP और शहीद किसानों को मुआवजा मिलने तक यूहीं चलेगा आंदोलन

भारतीय किसान यूनियन अंबाला शहर के सेक्टर-8 सामुदायिक केंद्र में आयोजित ‘देश बचाओ संविधान बचाओ, किसान मजदूर बचाओ’ सम्मेलन में भारतीय किसान यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी दोपहर 1 बजे कार्यक्रम स्थल पर खुद ट्रैक्टर चलाकर पहुंचे। भारी संख्या में किसानों ने चढूनी का ढोल व फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया।

चढूनी ने कहा कि जब तक सरकार एसएसपी व शहीद हुए किसानों के परिवारों को मुआवजा आदि मांगों को पूरा नहीं करती है, तब तक यह आंदोलन चलता रहेगा। वह पंजाब चुनाव को लेकर बोले कि मिशन पंजाब 2022 जारी है। पंजाब की सभी सीटों पर चुनाव लड़कर एक मॉडल पेश किया जाएगा। साथ ही कहा कि वह खुद का राजनीतिक दल बनाकर चुनाव लड़ेंगे। हरियाणा चुनाव को लेकर भी कहा कि अभी हरियाणा में चुनाव नहीं है। जब होंगे तो विचार किया जाएगा। अभी हमारा फोकस पंजाब पर है। किसान मजदूर नेता कांता आलड़िया ने कहा कि पंजाब से जब राजनीतिक दल चलेगा तो पूरे देश में फैलेगा।

बता दें कि भारतीय किसान यूनियन के जिला प्रधान मलकीत सिंह ने एक सप्ताह पहले ही किसानों से मिलकर उन्हें सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए निमंत्रण देना शुरू कर दिया था। ज्यादा से ज्यादा किसानों से शामिल होने की बात कही थी।

जानकारी के लिए आपको बता दे कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कृषि कानून वापस लेने की घोषणा के बाद अंबाला के शंभू बॉर्डर पर किसानों की संख्या बढ़ रही है। एक बार फिर अधिक संख्या में आंदोलन के दौरान अपनी भागीदारी निभा रहे हैं। किसानों का कहना है कि महज घोषणा करने से नहीं बल्कि आंदोलन को पूरी तरह से वापस लेने के बाद ही आंदोलन समाप्त होगा। जिलाध्यक्ष मलकीत सिंह ने कहा कि यह लड़ाई समस्त किसानों की है। दिल्ली में बैठे किसान नेता जो भी निर्णय लेंगे उसी पर अमल किया जाएगा।

Exit mobile version