Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

प्रधानमंत्री की स्पेशल सुरक्षा में तैनात CRPF के जवान ने अपनी पत्नी व साली को पीटा

हरियाणा के हिसार जिले के आजाद नगर में पति द्वारा पत्नी व साली के साथ मारपीट करने व धमकी देने की घटना सामने आई है। पीड़िता सीमा ने लाड़वा निवासी संजय के खिलाफ आजाद नगर थाना में केस दर्ज करवाया है।

आरोपी पति CRPF में नौकरी करता है और फिलहाल पीएम मोदी के स्पेशल प्रोटेक्शन गार्ड के तौर पर नियुक्त है। इसी बात की वह पत्नी सीमा को धमकी देता है। आजाद नगर थाना पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता सीमा ने बताया कि लाड़वा निवासी संजय के साथ उसकी शादी 11 साल पहले हुई थी। शादी के बाद उसको एक बेटी प्रिंसी पैदा हुई। पति के साथ मनमुटाव के कारण वह दोनों अलग हो गए और अब उनका तलाक का केस चल रहा है। उसने पति से खर्चा लेने के लिए कोर्ट केस दायर किया हुआ है, जबकि उसके पति संजय ने तलाक का केस डाला हुआ है।

सीमा के अनुसार, शुक्रवार सुबह संजय, ससुर रोशनलाल व उनके रिश्तेदार राजबीर व सुंदर जबरदस्ती उनके घर आ गए। बातचीत के लिए मना करने पर बाकी तो उनके घर से चले गए, लेकिन संजय वहीं पर रुका रहा। कुछ देर बाद संजय ने जबरदस्ती उसको अपने साथ ले जाने की कोशिश की व पकड़कर गली में खींचा। जब उसकी बहन कविता ने मदद करने की कोशिश की तो संजय ने उसके साथ भी मारपीट की।

महिला के अनुसार, संजय ने उसे धमकी दी है कि वह पीएम मोदी की सुरक्षा में तैनात है, इसलिए उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। उसने दोनों को जान से मारने की धमकी भी दी है।

Exit mobile version