वाराणसी में उत्तर प्रदेश विजिलेंस टीम ने जीएसटी विभाग की डिप्टी कमिश्नर अंबिका सिंह को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई बुधवार शाम भेलूपुर थाना क्षेत्र स्थित एक रेस्टोरेंट में की गई। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी अधिकारी ने बचकर निकलने का प्रयास किया और महिला पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई भी की, लेकिन विजिलेंस टीम ने उन्हें काबू कर लिया।
जानकारी के अनुसार, बजरडीहा निवासी एवं ब्लैक स्मिथ इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक अजय कुमार मौर्य ने विजिलेंस विभाग को शिकायत दी थी कि उनकी जीएसटी फाइल के निस्तारण और टैक्स रिफंड संबंधी प्रक्रिया को मंजूरी देने के बदले डिप्टी कमिश्नर अंबिका सिंह द्वारा 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है।
शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने मामले की जांच की, जिसमें आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप बिछाया। तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता ने अंबिका सिंह को राशि देने के लिए एक रेस्टोरेंट बुलाया। जैसे ही उन्होंने रिश्वत की रकम स्वीकार की, विजिलेंस टीम ने उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी अधिकारी ने मौके से भागने का प्रयास किया तथा ड्यूटी पर मौजूद महिला पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई भी की। हालांकि टीम ने उन्हें हिरासत में लेकर विजिलेंस थाने पहुंचाया, जहां भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।विजिलेंस विभाग के अनुसार, आरोपी अधिकारी द्वारा पूर्व में निस्तारित की गई अन्य फाइलों की भी जांच की जाएगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं अन्य मामलों में भी अनियमितता या भ्रष्टाचार तो नहीं हुआ।
विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी या अधिकारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना विजिलेंस विभाग के हेल्पलाइन नंबर 9454401866 और 9454401222 पर दी जा सकती है।
