अमृतसर के खंडवाला इलाके में स्थित ठाकुरद्वारा मंदिर में धमाका हुआ है। हमलावर मोटरसाइकिल सवार दो युवक थे, जिन्होंने मंदिर पर बम जैसी कोई वस्तु फेंककर हमला किया। हमला सीसीटीवी वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है।
पुलिस ने सीसीटीवी को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पता चला है कि दोनों युवक मोटरसाइकिल पर आए थे, उनके हाथ में झंडा था। वे कुछ देर तक मंदिर के बाहर खड़े रहे और फिर मंदिर की तरफ कोई वस्तु फेंकी।
जैसे ही वे वहां से भागे, मंदिर में जोरदार धमाका हुआ। घटना देर रात करीब 12:35 बजे की है। हमले के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। उस समय मंदिर का पुजारी भी अंदर सो रहा था, लेकिन किस्मत से वह बाल-बाल बच गया।
हमलावरों की तरफ से बम पहली मंजिल पर फेंका गया। इससे मंदिर की पहली मंजिल का बाहरी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। पुलिस व मंदिर मैनेजमेंट ने क्षतिग्रस्त हिस्से को हरा पर्दा डाल ढक दिया है। पुलिस जांच में जुटी है कि किस तरह की बमनुमा वस्तु को फेंका गया है।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हमलावर कौन थे और इस हमले के पीछे उनका मकसद क्या था। यह घटना अमृतसर के खंडवाला इलाके में हुई, जहां इस हमले से स्थानीय लोगों में डर का माहौल है
