Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

पोते ने दादा को मारी 4 गोलियां…पोता गिरफ्तारअब पुलिस रिमांड में होगा बड़ा खुलासा

करनाल के बड़ा गांव में 75 वर्षीय दर्शन सिंह की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी पोते सोनू को बुधवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। मेडिकल कराने के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से अदालत ने पुलिस रिमांड पर भेज दिया। अब पुलिस रिमांड के दौरान हत्या की वजह, वारदात की साजिश और अन्य पहलुओं की गहन पूछताछ करेगी।

उधर, पोस्टमॉर्टम के बाद दर्शन सिंह का शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिवार ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और आजीवन कारावास की मांग की है।

मृतक की बड़ी बेटी नारू ने आरोप लगाया कि हत्या के पीछे जमीन का विवाद था। उनका दावा है कि सोनू अपने दादा पर पूरी जमीन अपने नाम कराने का दबाव बना रहा था। इनकार करने पर उसने बेहद करीब से चार गोलियां मारकर उनकी हत्या कर दी।

परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि करीब तीन साल पहले सोनू ने अपने पिता बहादुर की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप दिया था। साथ ही दादी की मौत को लेकर भी संदेह जताया है। उन्होंने मामले में सोनू के रिश्तेदार संदीप की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की है। हालांकि इन आरोपों की अभी पुलिस द्वारा पुष्टि नहीं की गई है और जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी की तलाश में कई टीमें लगाई गई थीं। बुधवार सुबह उसे गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल मामले की जांच सीआईए-3 को सौंप दी गई है, जिसने आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

Exit mobile version