अंबाला में घरेलू विवाद के चलते एक 77 वर्षीय बुजुर्ग को 3 दिसंबर को खुद के पोते द्वारा सिर में गमला मारे जाने पर घायल महिला ने बीते दिन रविवार को दम तोड़ दिया। पुलिस ने पोते व उसकी पत्नी समेत 3 के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
अंबाला सिटी के मोती नगर निवासी कमल से मिली जानकारी के अनुसार मकान के ऊपर हिस्से में उसका बड़ा बेटा नितिन अपने बच्चों और अपनी मां कविता के साथ रहता है। जबकि वह अपनी 77 वर्षीय मां सतपाली के साथ रहता था। 3 दिसंबर की रात को उसका उसकी पत्नी कविता के साथ झगड़ा हुआ था। इसी बीच, उसका बेटा नितिन उर्फ लक्की ऊपर से नीचे आ गया और उसके साथ मारपीट करने लगा। जब उसकी मां सतपाली बीच-बचाव करने लगी तो नितिन ने गमला उठा उसकी मां सतपाली के सिर में मार दिया।
व्यक्ति ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी कविता, उसकी पत्नी का भतीजा प्रदीप समेत 3-4 लड़कों ने उनके साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। आरोप लगाए कि नितिन ने पत्नी सुखविंदर कौर के उकसाने पर उनके साथ मारपीट की है। उसने अपनी मां का मेडिकल कराकर पुलिस को शिकायत सौंपी थी, लेकिन घरेलू मामला होने के कारण 9 दिसंबर तक समझौता करने का समय मांगा था।
शिकायतकर्ता कमल ने बताया कि 11 दिसंबर को उसकी मां सतपाली की चोट लगने के कारण मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। उधर, कमल की शिकायत पर नितिन उर्फ लक्की, प्रदीप और सुखविंदर कौर के खिलाफ धारा 323, 304, 506, 120-B व 34 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
