CM मनोहर लाल ने लोगों को हरियाणा एक-हरियाणवी एक के मूलमंत्र के साथ इस त्योहार को आपसी प्यार, प्रेम और भाईचारे से मनाने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि इस त्योहार पर पानी की बर्बादी न करें। क्योंकि जल सीमित मात्रा में उपलब्ध है।

उन्होंने कहा कि होली रंगो का त्योहार है अपने जीवन में खुशियों के रंग भरें और जीवन को खुशहाल बनाएं। हम सभी अपने भीतर की बुराइयों का भी दहन करें और अपना बेहतरीन व्यक्तित्व विकसित करें।
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल इस बार चंडीगढ़ के बाहर होली मनाएंगे। वैसे अमूमन वह चंडीगढ़ स्थित संत कबीर कुटीर में ही होली का त्योहार मनाते रहे हैं, लेकिन इस बार उनके कार्यक्रम में बदलाव करते हुए यमुनानगर में होली मनाने का कार्यक्रम तय किया गया है। यहां से वह दिल्ली रवाना हो जाएंगे, जहां वह कई सामाजिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इससे पहले उन्होंने राजभवन में होली उत्सव कार्यक्रम में शिरकत की।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा इस बार होली का त्योहार बेटे राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा के दिल्ली आवास में मनाएंगे। परिजनों के अलावा वह अपने करीबी नेताओं के साथ रंग खेलेंगे। इस दौरान उनसे मिलने के लिए रोहतक क्षेत्र से लोगों का आना जाना लगा रहेगा। मेहमानों के लिए पूर्व सीएम की ओर से कोठी पर विशेष इंतजाम किए गए हैं।
