Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

गवर्नमेंट ऑफ इंडिया लिखी क्रेटा कार से पहले दूसरी को ठोका, फिर सरकारी कर्मी होने की धौंस दिखाई

रोहत‌क जिले में शनिवार रात को नशे में धुत कार सवार रेलवे के टीटी ने एक्सीडेंट कर दिया। टीटी ने तेज रफ्तार से अपनी कार को सड़क किनारे खड़ी दूसरी कार में ठोक दिया। इतना ही नहीं, टीटी गाड़ी से नीचे उतरा तो हाथ में ‌अपनी रिवॉल्वर लिए हुए था। उसने खुद के सरकारी कर्मचारी होने की भी धौंस जमाई। मगर पीड़ित कार चालक डरा नहीं और उसने डायल 112 पर कॉल करके पुलिस की मदद ली। मामले की सूचना मिलते ही अर्बन एस्टेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपी टीटी के खिलाफ आईपीसी की धारा 279, 336, 427 व 72सी एक्साइज एक्ट 2020 के तहत केस दर्ज कर लिया। आरोपी को पुलिस ने जमानत पर छोड़ भी दिया है।

थाना अर्बन एस्टेट पुलिस को दी शिकायत में कपूर सिंह अहलावत ने बताया कि वह सेक्टर 4 रोहतक का रहने वाला है। 30 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे वह किसी काम से सेक्टर 4 एक्सटेंशन में गया था। उसने गाड़ी को सेक्टर 4 जिम खाना क्लब के साथ चौड़ी रोड पर साइड में खड़ा कर दिया था। इसी दौरान वहां एक तेज रफ्तार क्रेटा कार चालक आया और उसने सीधे उसकी खड़ी गाड़ी में अपनी गाड़ी ठोक दी। हादसे के तुरंत बाद वह अपनी कार के पास पहुंचा तो देखा कि दूसरी गाड़ी भी सड़क से नीचे उतर गई और उसमें से एक युवक हाथ में पिस्तौल लेकर उनकी तरफ आया। वह शराब के नशे में धुत्त था और लड़खड़ा रहा था। पूछताछ में उसने अपनी पहचान प्रदीप निवासी खानपुर जिला सोनीपत के रूप में बताई। उसकी गाड़ी पर लाल शब्दों में गवर्नमेंट ऑफ इंडिया लिखा हुआ था। पीड़ित खुद सरकारी रोड कॉन्ट्रैक्टर है।

Exit mobile version