हरियाणा में बढ़ती गर्मी के बीच सरकार ने कर्मचारियों को झटका दिया है। गर्मी और हीट वेव(लू) में भी सरकारी कार्यालयों में आने और जाने के समय में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। हालांकि सरकार की ओर से गर्मी से निपटने के लिए 5 विभागों की ड्यूटी लगाई गई है। इन विभागों में बिजली, स्वास्थ्य, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी, श्रम और राजस्व विभाग को शामिल किया गया है। सरकार की ओर से यह फैसला भारतीय मौसम विज्ञान विभाग द्वारा आने वाली अत्यधिक गर्मी के संबंध में जारी एडवाइजरी के बाद लिया गया है।
बिजली विभाग के द्वारा मुख्य सचिव संजीव कौशल को जानकारी दी गई है कि बढ़ती गर्मी के दौरान बिजली की कोई कमी नहीं होने दी जायेगी। गर्मी में बिजली की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए बिजली कंपनियों ने पहले ही पर्याप्त व्यवस्था कर ली गई है। जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग तथा सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने पेयजल व सिंचाई के लिए पानी की पर्याप्त उपलब्धता की जानकारी सरकार से सांझा की गई है।
हरियाणा सरकार की ओर से दुधारू पशुओं के लिए एक विशेष एडवाइजरी जारी की गई है। जिसके तहत किसानों और डेयरी संचालकों से आग्रह किया गया है कि वह अपने पशुओं को पर्याप्त पानी पिलाएं। साथ ही दोपहर के वक्त उन्हें छायादार स्थानों में रखें। दिन के सबसे गर्म हिस्सों में वह भी काम करने से बचें। सरकार ने हीटवेव के खतरे को देखते हुए जागरूकता अभियान शुरू करने का भी फैसला किया है।
हरियाणा सरकार की ओर से स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त मात्रा में ORS पैक, आवश्यक दवाएं, आईवी तरल पदार्थ, आइस-पैक, इलेक्ट्रोलाइट्स के प्रबंधन में सहायता के लिए उपकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सेहत विभाग को गर्मी से संबंधित बीमारी के मामलों के शुरुआती प्रबंधन के लिए एंबुलेंस को आइस पैक और ठंडे पानी से लैस करने की हिदायत दी गई है। उन्होंने मानक उपचार प्रोटोकॉल का उपयोग करते हुए संदिग्ध हीट स्ट्रोक के मामलों का तेजी से आंकलन करने के निर्देश दिए।
फायर सेफ्टी डिपार्टमेंट को बढ़ती गर्मी के कारण आग की घटनाओं को रोकने के लिए प्रत्येक सरकारी भवनों, निजी ऊंची इमारतों और फ्लैटों में अग्निशमन यंत्र की व्यवस्था व संचालन को सुनिश्चित करने को कहा गया है। साथ ही अग्निशामक यंत्रों की कार्यप्रणाली की जांच करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए। मुख्य सचिव ओर से जारी आदेश में श्रम एवं सेहत विभाग को समय-समय पर सेहत से संबंधित सलाह जारी करने और आईईसी गतिविधियों की योजना बनाने के निर्देश दिए हैं।
हरियाणा सरकार की ओर से श्रम विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि मंडियों में संचालन, ईंट-भट्ठों के मजदूरों, निर्माण स्थल, औद्योगिक स्थल तथा लेबर चौक इत्यादि स्थानों पर कार्य कर रहे मजदूरों के लिए एडवाइजरी जारी की जाए तथा इसका अनुसरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही विभाग को कूलिंग उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

