Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में सरकारी कर्मचारी की चाकू घोंपकर हत्या:हमलवारों ने पुरानी रंजिश को लेकर की वारदात, दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

रोहतक में सरकारी कर्मचारी की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने गांव में ही रास्ता रोककर हमला किया। मृतक नहरी विभाग में स्टोरकीपर के पद पर काम कर रहा था।

मृतक कर्मचारी दिनेश कुमार (36) 2 बच्चों के पिता थे। चरखी दादरी जिले में नहरी विभाग में उसे बेलदार से स्टोरकीपर के पद पर पदोन्नत किया गया था।

मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक के भाई की शिकायत पर करीब 12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

रोहतक के गांव निडाना के रहने वाले प्रदीप कुमार ने बहु अकबरपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। जिसमें उन्होंने बताया है कि वे तीन भाई-बहन हैं। उनका छोटा भाई दिनेश नहरी विभाग में कार्यरत था। उसकी चरखी दादरी में तैनाती थी। 10 नवंबर को उनका भाई घर पर ही था।

प्रदीप ने बताया कि जब दिनेश गांव की हरिजन चौपाल से लौट रहा था, तो गांव के ही विष्णु, सज्जन, मुकेश, सोनू, सुनील, प्रदीप आदि ने उसका रास्ता रोक लिया। उन्होंने दिनेश को घेर लिया और चाकू से छाती पर हमला कर दिया। शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोटें मारी। दिनेश के गंभीर रूप से घायल होने पर आरोपी हथियार लेकर मौके से फरार हो गए।

इसके बाद घायल को उपचार के लिए रोहतक PGI में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रदीप ने बताया कि कुछ समय पहले आरोपियों के साथ दिनेश का झगड़ा हुआ था। इसी झगड़े की रंजिश रखते हुए उन्होंने भाई की हत्या कर दी

बहु अकबरपुर थाना SHO प्रकाशचंद ने बताया कि दिनेश की हत्या के बाद उसके भाई प्रदीप का बयान दर्ज कर लिया गया है। इसके आधार पर एक दर्जन लोगों के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। अब तक की जांच में पता चला है कि दोनों पक्षों में करीब एक साल पहले झगड़ा हुआ था। रंजिश के चलते यह हत्या हुई है।

Exit mobile version