Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक के पुरी धाम गौशाला में धूमधाम से मना गोपाष्टमी पर्व, विशाल भंडारे और निशुल्क नेत्र जांच शिविर का हुआ आयोजन

रोहतक। ओम नमो नारायण सतगुरु देव स्वामी बालक पुरी जी की असीम कृपा एवं महामंडलेश्वर स्वामी करणपुरी महाराज के सानिध्य में पुरी धाम गौशाला में गोपाष्टमी का पर्व बड़ी श्रद्धा और धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर सुबह पुरी धाम से प्रभात फेरी निकाली गई, जो गौशाला पहुंची। यहां भजन-कीर्तन के बाद हवन-यज्ञ किया गया तथा श्रद्धालुओं ने गौशाला की परिक्रमा की। इसके पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। गोपाष्टमी के उपलक्ष्य में निशुल्क नेत्र जांच शिविर भी लगाया गया, जिसमें मरीजों को निशुल्क दवाइयां एवं चश्मे वितरित किए गए। शिविर का शुभारंभ शहर के भामाशाह राजेश जैन की पुत्रवधू समृद्धि जैन ने किया। उन्होंने कहा कि बाबा करणपुरी महाराज के सानिध्य में पिछले आठ वर्षों से पुरी धाम गौशाला में गोपाष्टमी पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। आज इस धार्मिक एवं सेवा कार्य में शामिल होकर उन्हें बेहद अच्छा लगा। उन्होंने कहा कि हमें अपनी माता की तरह गौमाता की सेवा करनी चाहिए और ऐसे सेवा कार्यों को निरंतर जारी रखना चाहिए। वहीं स्वामी करणपुरी महाराज ने श्रद्धालुओं को संदेश देते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर में एक गाय अवश्य रखनी चाहिए और उसकी सेवा करनी चाहिए, क्योंकि गौमाता में 33 करोड़ देवी-देवताओं का वास माना गया है। उन्होंने कहा कि सतयुग में जिस श्रद्धा से गौमाता की पूजा-अर्चना होती थी, आज कलयुग में उनकी दुर्दशा हो रही है। लोग दूध निकालने के बाद गायों को सड़कों पर बेसहारा छोड़ देते हैं, जो उचित नहीं है। उन्होंने सभी से प्रतिदिन सुबह पहली रोटी गौमाता के नाम निकालने और उनकी सेवा व संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।

Exit mobile version