Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

खाटूश्याम जाने के बहाने गोपाल का अपहरण, यूपी में मरा समझकर फेंका; फरीदाबाद में पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर की हत्या

फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद में गोपाल हत्याकांड की जांच के दौरान चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार, गोपाल को खाटूश्याम ले जाने के बहाने कार में बैठाकर ले जाया गया था। रास्ते में उसके साथ मारपीट की गई और गले में गमछे से फंदा लगाने के बाद उसे मृत समझकर उत्तर प्रदेश में सुनसान जगह पर फेंक दिया गया। घायल गोपाल को होश आया तो उसने स्थानीय लोगों की मदद से अपनी पत्नी को फोन किया। आरोप है कि बाद में उसी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी।

मामले में पुलिस गोपाल की पत्नी काजल और उसके प्रेमी योगेंद्र को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार, पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने फिलहाल गोपाल की बेटी शालिनी की भूमिका सामने आने से इनकार किया है।

खाटूश्याम जाने के बहाने कार में बैठाया

गोपाल के भाई भूरे के अनुसार, 10 अक्टूबर को योगेंद्र ने गोपाल को खाटूश्याम जाने के लिए बुलाया था। आरोप है कि इसके बाद वह अपने दो साथियों के साथ गोपाल को कार में बैठाकर ले गया। रास्ते में उसके साथ मारपीट की गई और गले में गमछे से फंदा लगाया गया।

भूरे के मुताबिक, गोपाल बेहोश हो गया तो आरोपी उसे मृत समझकर उत्तर प्रदेश के जेवर क्षेत्र में सुनसान जगह पर फेंककर चले गए। बाद में होश आने पर गोपाल ने स्थानीय लोगों की मदद से अपनी पत्नी से संपर्क किया।

बेटी घायल हालत में लेने पहुंची

सामने आए वीडियो में गोपाल घायल अवस्था में खाट पर लेटा दिखाई दे रहा है। जानकारी के मुताबिक, सूचना मिलने पर उसकी बेटी शालिनी दो युवकों के साथ उसे लेने पहुंची थी। गोपाल के भाई भूरे का आरोप है कि बेटी उसे धीरज नगर स्थित कमरे पर ले जाने के बजाय पल्ला क्षेत्र में एक परिचित के ठिकाने पर ले गई, जहां उसे इंजेक्शन देकर बेहोश रखा गया।

परिवार के मुताबिक, गोपाल करीब दो दिन तक इसी हालत में रहा। 13 अक्टूबर को उसकी पत्नी काजल उत्तर प्रदेश के हाथरस से वहां पहुंची।

14 अक्टूबर की रात हत्या का आरोप

गोपाल के भाई भूरे ने आरोप लगाया कि 14 अक्टूबर की रात काजल ने योगेंद्र को भी वहां बुलाया और दोनों ने मिलकर गोपाल की हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, गोपाल की गर्दन पर चाकू से कई वार किए गए थे।

आरोप है कि हत्या के बाद काजल ने परिवार को बताया कि घर में घुसे बदमाशों ने गोपाल के साथ मारपीट की थी। पुलिस ने पूछताछ के बाद काजल और योगेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। योगेंद्र पर हत्या के बाद फरार होने का भी आरोप है।

20 साल से फरीदाबाद में काम कर रहा था गोपाल

उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के गांव कुंवरपुर निवासी गोपाल (37) करीब 20 साल से कपड़ा फैक्ट्री में मशीन ऑपरेटर के रूप में काम कर रहा था। लगभग 16 साल पहले उसने काजल से कोर्ट मैरिज की थी। काजल की पहले से शादी हुई थी और उसकी पहली शादी से एक बेटी शालिनी थी।

गोपाल और काजल के तीन बच्चे भी हैं। परिवार के मुताबिक, गोपाल गांव में मकान बनवाने के बाद भी रोजगार के लिए फरीदाबाद में रहता था, जबकि काजल बच्चों के साथ गांव में रहती थी।

तीन साल पहले योगेंद्र से बढ़ी नजदीकियां

परिवार के आरोपों के मुताबिक, करीब तीन साल पहले गोपाल के दोस्त योगेंद्र की काजल से नजदीकियां बढ़ीं। लगभग एक साल पहले उनके संबंधों की जानकारी परिवार के अन्य लोगों को भी हो गई थी। इसके बाद विवाद होने की बात सामने आई।

पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल काजल और योगेंद्र की गिरफ्तारी हो चुकी है। हत्या की पूरी परिस्थितियों और अन्य लोगों की भूमिका को लेकर जांच जारी है।

Exit mobile version