Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक के खरावड़ रेलवे स्टेशन के पास मालगाड़ी उतरी ट्रैक से, ट्रैक बाधित; रूट की सभी ट्रेनों को रोका गया।

रोहतक में खरावड़ रेलवे स्टेशन के पास रविवार सुबह मालगाड़ी ट्रैक से उतर गई। जिसके कारण कोयले से भरे डिब्बे भी पलट गए। इस हादसे से दिल्ली-रोहतक का ट्रैक भी बाधित हो गया है। ट्रैक पर चलने वाली 2 ट्रेनों को रोक दिया गया है। गनीमत रही की जान की हानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह मालगाड़ी कोयला लेकर दिल्ली से रोहतक की तरफ आ रही थी। जब खरावड़ रेलवे स्टेशन के पास पहुंची तो किसी कारण से मालगाड़ी ट्रैक से उतर गई। मालगाड़ी के 6-7 डिब्बे ट्रैक से उतरे। डिब्बों के पलटने से कोयला भी दूर तक बिखर गया। हादसे की जानकारी रेलवे अधिकारियों को दी गई।

मालगाड़ी पलटने के कारण दिल्ली-रोहतक ट्रैक प्रभावित हुआ है। इस रूट पर सबसे अधिक ट्रेनों का आवागमन रहता है। लगभग हर एक-दो घंटे में ट्रेन यहां से गुजरती है। जिसमें हजारों यात्री सफर करते हैं। ट्रैक बाधिक होने के कारण सभी यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ेगी। वहीं सफर करने के लिए दूसरे विकल्प का चयन करना होगा।

मालगाड़ी ट्रैक से उतरने की सूचना मिलते ही अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। अधिकारी व कर्मचारी व्यवस्था सुधारने में जुटे हुए हैं। सबसे पहले मालगाड़ी को यहां से हटाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि ट्रैक को ठीक किया जा सके। ट्रैक काफी क्षतिग्रस्त होने के कारण इसे ठीक करने में भी समय लगेगा।

मालगाड़ी ट्रैक से उतरने के हादसे पहले भी हो चुके हैं। 24 जून को रोहतक रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी ट्रैक से उतर गई थी। उस समय भी बड़ा हादसा होते-होते बच गया था। करीब डेढ़ माह के दौरान यह दूसरा हादसा है, जब मालगाड़ी ट्रैक से उतरी है।

रेलवे के ट्रैफिक इंस्पेक्टर बलबीर सिंह ने कहा कि खरावड़ के पास मालगाड़ी ट्रैक से उतरने की सूचना मिलते ही अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। हादसे के कारण दिल्ली रोहतक मार्ग प्रभावित हुआ है। हादसे की जांच की जा रही है।

Exit mobile version