रोहतक। खाटू श्याम जाने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। यात्रियों की मांग पर रेलवे रोहतक से मदार स्टेशन तक ट्रेन फिर से संचालित करेगा। यह ट्रेन मदार स्टेशन से रोहतक स्टेशन के लिए 1 सितंबर से चलेगी। ट्रेन के संचालन से राजस्थान और खाटू श्याम जाने वाले यात्रियों को लाभ होगा।
उत्तर रेलवे ने रोहतक-मदार स्टेशन ट्रेन रक्षाबंधन के बाद फिर से चलाने जा रहा है। यह ट्रेन मदार से रोहतक तक 30 फेरे करेगी। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन-09639 मदार से प्रतिदिन सुबह 4:30 बजे रवाना होकर दोपहर 12:50 बजे रोहतक पहुंचेगी।
इसी प्रकार यही ट्रेन 09640 प्रतिदिन रोहतक स्टेशन से दोपहर 1:20 बजे रवाना होकर रात 10:35 बजे मदार पहुंचेगी। उन्होंने ने बताया कि ट्रेन में सामान्य डिब्बे होंगे। रोहतक से रींगस स्टेशन तक ट्रेन में 90 रुपये किारया लगता है।
ट्रेन को हर विशेष उत्सव व त्योहार पर चलाया जाता है। 8 से 10 अगस्त तक रक्षाबंधन पर ट्रेन को संचालित किया गया था। इससे पहले फाल्गुन में होली पर्व के लिए मार्च में ट्रेन को चलाया गया था। अब फिर 30 दिन के लिए ट्रेन का संचालन शुरू होगा।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि मदार-रोहतक-मदार ट्रेन किशनगढ़, नरेना, फुलेरा, रेनवाल, बधाल, रींगस, श्रीमाधोपुर, कावंट, भगेगा, नीमका थाना, मांवडा, डाबला, निजामपुर, नारनौल, अटेली, कुंड, रेवाड़ी, गोकलगढ़, झज्जर व अस्थल बोहर स्टेशनों पर ठहराव करेगी।
रेलवे ने 1 से 30 सितंबर तक मदार-रोहतक स्पेशल ट्रेन को फिर से संचालित किया है। ट्रेन का रोहतक से रवाना होने का समय दोपहर 1:20 बजे निर्धारित किया गया है।
– बलराम मीना, स्टेशन अधीक्षक।

