Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए खुशखबरी, 20 जून को मेगा रोजगार मेला, जिला विकास भवन बनेगा रोजगार का केंद्र, 35 कंपनियां लेंगी इंटरव्यू


रोहतक, 19 जून। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर प्रदेश में चलाये जा रहे व्यापक प्रचार अभियान के तहत स्थानीय मंडल रोजगार कार्यालय द्वारा 20 जून 2026 को प्रातः: 9 बजे स्थानीय जिला विकास भवन स्थित डीआरडीए हॉल में मेगा रोजगार मेला का आयोजन किया जाएगा। प्रदेश के श्रम, परिवहन एवं ऊर्जा मंत्री अनिल विज इस मेगा रोजगार मेला का शुभारंभ करेंगे। रोजगार मेला में लगभग 35 प्रतिष्ठित संस्थान एवं निजी क्षेत्र के नियोक्ता भाग लेंगे तथा मौके पर विभिन्न पदों के लिए योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगे।
सचिन गुप्ता ने बताया कि इस रोजगार मेला में प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना, प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना एवं कौशल विकास कार्यक्रमों के साथ-साथ अप्रेंटिसशिप योजनाओं की जानकारी भी दी जायेगी। इस रोजगार मेला में रोहतक सहित आसपास के जिलों के कॉलेजों, बहुतकनीकी संस्थानों एवं आईटीआई से डिप्लोमा प्राप्त युवा, स्नातक, स्नातकोत्तर, बारहवीं उत्तीर्ण तथा अन्य रोजगार के इच्छुक अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। रोजगार मेला में भाग लेने वाले सभी अभ्यर्थी विभाग की वेबसाइट  www.hrex.gov.in पर अपना पंजीकरण अवश्य करवाएं।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि रोजगार मेला का उद्देश्य युवाओं को एक ही स्थान पर विभिन्न कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाना है। मेगा रोजगार मेला में ऑपरेटर, ग्रेजुएट ट्रेनी, पोस्ट ग्रेजुएट ट्रेनी, आईटीआई फिटर, इलेक्ट्रिशियन, मैकेनिक, वेल्डर, टर्नर, मशीनिस्ट तथा अन्य तकनीकी एवं गैर-तकनीकी ट्रेडों से संबंधित रिक्त पदों के लिए भर्ती की जाएगी। अभ्यर्थियों को अपनी शैक्षणिक योग्यता एवं अनुभव के अनुरूप रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
सचिन गुप्ता ने सभी बेरोजगार युवाओं का आह्वान किया है कि वे अपने बायोडाटा, शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों की प्रतियां, आधार कार्ड तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित समय पर रोजगार मेले में पहुंचे और इस अवसर का लाभ उठाएं। रोजगार मेला में भाग लेने वाले सभी अभ्यर्थी विभाग की वेबसाइट पर अपना पंजीकरण अवश्य करवाएं, ताकि भविष्य में आयोजित होने वाले रोजगार मेलों एवं अन्य रोजगार संबंधी अवसरों की जानकारी समय-समय पर प्राप्त होती रहे। जिला एवं आसपास के क्षेत्रों के अधिक से अधिक युवा इस मेगा रोजगार मेला में भाग लेकर रोजगार के अवसरों का लाभ उठायें।

Exit mobile version