सोनीपत जिले के एक गांव की युवती ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि उसकी शादी 12 दिसंबर, 2012 को रोहतक के एक गांव युवक से हुई थी। उसका पति हरियाणा पुलिस में है। पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद से ससुरालजन उसको मानसिक व शारीरिक तौर से तंग और परेशान करने लगे। तरह तरह की मांग की जाने लगी और उसने दो बच्चों को जन्म दिया तो सास व जेठानी लंबी गाड़ी लाने के लिए ताने देने लगी। सोने के गहने भी मांगे गए। उसके साथ दहेज को लेकर मारपीट की जाने लगी।

किरण ने बताया कि दूसरे बच्चे के जन्म के बाद पति को महिला थाना में सरकारी घर मिल गया। वह पति के साथ चली गई। जब वह गांव में रहती थी तो उसका जेठ उस पर बुरी नजर रखता था। बाद में वह पति के साथ आ गई तो उसके जेठ ने उसे वीडियो काल करनी शुरू कर दी। वह फोन पर उसे गंदी गालियां देता। उसने इस बारे में अपने पति को बताया तो पति ने ससुरालजनों के उकसाने पर उसके साथ ही मारपीट की। उसने पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर मारपीट की सूचना दी, लेकिन पति ने पुलिस में होने का फायदा उठा कर कोई कार्रवाई नहीं होने दी। इसके बाद उसे और ज्यादा परेशान किया जाने लगा।

विवाहिता ने बताया कि उसका भाई ओलिंपियन है। उसने ओलिंपिक में गोल्ड मेडल जीता था। गोल्ड मेडल जीतने के बाद उसके ससुरालवालों की दहेज की लालसा और बढ़ गयी। उस पर दबाव बनाया कि हरियाणा सरकार ने उसके भाई को 6 करोड़ रुपए की राशि दी है। उसमें से 3 करोड़ रुपए लाकर दो। ऐसा न करने पर हम तुझे ठीक से नहीं रखेंगे। इसको लेकर उसे तंग और मारपीट करना शुरू कर दिया। इसके बाद उसके भाई ने पति को गाड़ी के लिए 10 लाख रुपए दिए। कुछ दिन ठीक से रखा लेकिन उसके बाद फिर तंग करना शुरू कर दिया।

ओलिंपियन भाई की शादी में मायके के लोगों ने उसे काफी कीमती सामान और जेवरात दिये। उसके ससुराल आते ही सास व जेठानी ने इन जेवरों व सामान को छीन लिया। पति ने उसकी FACE BOOK ID और GMAIL ID भी हैक कर रखी है। 24 जून को पति ने उसको बुरी तरह से मारा पीटा और चोट पहुंचाई तथा धक्के मारकर घर से निकाल दिया। उसने नागरिक अस्पताल में अपना इलाज कराया। इसके बाद वह मायके आ गई।

मामले में पुलिस के जांच अधिकारी SI नरेंद्र ने बताया कि पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए उसके पति, जेठ​, सास और जेठानी के खिलाफ धारा 323,354,406,498A IPC के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!