Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

अभय चौटाला-भरत बेनीवाल विवाद में गोकुल सेतिया की एंट्री…ऐलनाबाद-रानियां में दौरे का ऐलान

इनेलो सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला और ऐलनाबाद से कांग्रेस विधायक भरत सिंह बेनीवाल के बीच चल रहे सियासी विवाद में अब सिरसा विधायक गोकुल सेतिया की एंट्री हो गई है। अभय चौटाला के ऐलनाबाद दौरे के दौरान दिए गए कथित विवादित बयान के बाद सिरसा कांग्रेस के नेता एकजुट होते नजर आ रहे हैं। अब कांग्रेस नेताओं ने अभय चौटाला के खिलाफ मोर्चा खोलने की तैयारी शुरू कर दी है।

विधायक गोकुल सेतिया ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डालकर ऐलनाबाद और रानियां विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करने का ऐलान किया है। उन्होंने लिखा कि वह जल्द ही दोनों हलकों में अपनी राजनीतिक भूमिका निभाएंगे और कुछ ही दिनों में दौरे शुरू किए जाएंगे। इसके लिए जल्द शेड्यूल तैयार किया जाएगा।

बेनीवाल के समर्थन में दौरे करेंगे गोकुल सेतिया

गोकुल सेतिया ने कहा कि वह ऐलनाबाद विधायक भरत सिंह बेनीवाल के साथ हैं। उन्होंने बताया कि बेनीवाल से उनकी बातचीत हो चुकी है और इसके बाद ही दोनों विधानसभा क्षेत्रों में दौरे की योजना बनाई गई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही ऐलनाबाद और रानियां में दौरे किए जाएंगे और सभी लोग उनके समर्थन में हैं।

सूत्रों के अनुसार, रानियां से कांग्रेस प्रत्याशी रहे सर्वमित्र कंबोज भी इस दौरे में गोकुल सेतिया के साथ नजर आ सकते हैं। हालांकि, अभी तक विधायक भरत सिंह बेनीवाल और इनेलो की ओर से इस मामले में कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

सर्वमित्र कंबोज बोले- पार्टी के साथ खड़े हैं

रानियां से कांग्रेस प्रत्याशी रहे सर्वमित्र कंबोज ने कहा कि अभी तक उनसे किसी ने संपर्क नहीं किया है। अगर ऐसा कोई कार्यक्रम बनता है तो वह उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि वह पार्टी के लिए हर समय तैयार हैं। एक विधायक पर इस तरह की टिप्पणी करना गलत है, जबकि राजनीतिक कटाक्ष अलग बात है।

गोकुल की पोस्ट पर मिला-जुला रिस्पांस

गोकुल सेतिया की पोस्ट पर समर्थकों की ओर से मिला-जुला रिस्पांस देखने को मिला। कई समर्थकों ने उनके फैसले का स्वागत किया और ऐलनाबाद व रानियां के साथ कालांवाली और डबवाली में भी दौरा करने की मांग की। वहीं, कुछ लोगों ने उन्हें पहले सिरसा विधानसभा क्षेत्र पर ध्यान देने की सलाह दी।

अभय चौटाला पर बरसे थे भरत बेनीवाल

दरअसल, ऐलनाबाद विधायक भरत सिंह बेनीवाल और इनेलो सुप्रीमो अभय चौटाला के बीच पिछले कुछ समय से राजनीतिक बयानबाजी चल रही है। भरत बेनीवाल ने अभय चौटाला पर निशाना साधते हुए कहा था कि उन्होंने ऐलनाबाद के विकास के लिए हाथ जोड़े हैं, किसी निजी काम के लिए नहीं।

उन्होंने यह भी कहा था कि अभय चौटाला खुद करीब दो साल बाद हलके में पहुंचे और अब उन पर सवाल उठाए जा रहे हैं। बेनीवाल ने विधानसभा में नहीं बोलने और ऐलनाबाद में विकास कार्य नहीं होने के आरोपों को भी झूठा प्रचार बताया था।

अब गोकुल सेतिया के ऐलनाबाद और रानियां दौरे के ऐलान के बाद सिरसा जिले की राजनीति में इस विवाद के और गरमाने के आसार हैं।

Exit mobile version