Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

गोहाना आज पूरी तरह बंद, कर्फ्यू जैसा माहौल:कोहरे में सड़कों पर उतरे दुकानदार; मेन मार्केट समेत पूरे शहर में दुकानों के शटर डाउन

हरियाणा के सोनीपत के कस्बा गोहाना में आज मार्केट पूरी तरह से बंद हैं। दुकानदार यहां सड़क पर उतर कर पुलिस-सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। व्यापारी मातू राम हलवाई की दुकान पर एक सप्ताह पहले हुई ताबड़तोड़ फायरिंग और 2 करोड़ की फिरौती मांगने के मामले में व्यापारी भड़के हुए हैं। शहर के सभी मेन बाजार बंद हैं।

गोहाना में दुकानदारों ने मंगलवार को अपनी दुकानें नहीं खोली। घने कोहरे व ठंड के बीच दुकानदार पुरानी अनाज मंडी में इकट्‌ठा हुए और वहां से प्रदर्शन शुरूकिया। दुकानदार प्रदर्शन करते हुए शहर में घूम रहे हैं। पूरा बाजार बंद है। रोहतक पानीपत रोड, जींद रोड, सोनीपत रोड व अन्य मार्केंटों में सुबह 10 बजे से बंद का असर दिख रहा है। हालांकि कुछ दुकानदार दुकानें खोलने आए भी, लेकिन अन्य दुकानदारों ने प्रदर्शन के दौरान उनकी दुकानों के शटर भी गिरा दिए।

गोहाना में बंद काे लेकर ​​​​​ सोमवार को व्यापारियों ने बंद की तैयारी को लेकर बैठक भी की। इससे पहले भाजपा नेता एवं ओलिंपियन योगेश्वर दत्त भी मातूराम की दुकान पर पहुंचे। पुलिस ने मामले में 2 और बदमाशों की गिरफ्तारी भी की, लेकिन व्यापारियों ने बंद का फैसला नहीं टाला। 2 दिन पहले ही हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रदेशाध्यक्ष बजरंग दास गर्ग गोहाना पहुंचे थे और पुलिस व सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए 30 जनवरी को गोहाना बंद का ऐलान किया था।

गोहाना के मातूराम की जलेबी देश भर में फेमस हैं। मातू राम हलवाई की दुकान पुरानी मंडी के पास शिव चौक पर है। अब दुकान को उसका पोता नीरज संभाल रहा है। बाइक सवार 3 बदमाशों ने 21 जनवरी को सुबह यहां दुकान पर 40 से 50 राउंड गोलियां चलाई थी। इसमें दुधिया बिजेंद्र गोली लगने से घायल हो गया था। बदमाशों ने यहां भाऊ गैंग के नाम से 2 करोड़ की फिरौती के लिए पर्चा डाला था। वारदात के बाद से ही दुकान पर भारी पुलिस बल तैनात है।

मातूराम हलवाई की दुकान पर फायरिंग, फिरौती और गोहाना बंद के आह्वान पर पुलिस भी दबाव में है। पुलिस इस मामले में एक नाबालिग युवक को पहले गिरफ्तार कर चुकी है। सोमवार को पुलिस ने सागर निवासी गांव सुंडाना जिला रोहतक और सज्जन उर्फ काला निवासी गांव बालसमंद जिला हिसार को गिरफ्तार किया। आरोपी सागर को झज्जर जेल व सज्जन को अजमेर (राजस्थान) जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाया गया है। दोनों को रिमांड पर लिया गया है।

Exit mobile version